रुपयों के लेन-देन के विवाद में पूर्व अंतरराष्ट्रीय एथलीट के भाई का वीरवार शाम करीब साढ़े 4 बजे जिंदरान गांव से अपहरण कर लिया। आरोप है कि सोनीपत के रिढाणा निवासी युवक अपने साथियों के साथ उसे कार से जींद स्थित अपनी बुआ के घर ले गया और मारपीट की। मामले की शिकायत पुलिस को देने के बाद आरोपी माफी मांगता हुआ युवक को शुक्रवार सुबह भगवतीपुर छोड़कर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर सदर थाना पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में जिंदरान निवासी रोबिन ने बताया कि वह 2016 में इंटरनेशनल स्तर पर एथलीट में सातवें स्थान पर रहा था। इसके बाद उसे आर्मी में नौकरी मिली, लेकिन पांव में चोट लगने से वह ज्वाइन नहीं कर सका। फिलहाल वह सेल्समैन की नौकरी करता है। उसका छोटा भाई कॉलेज में पढ़ता है। रोबिन का सोनीपत के रिढाणा निवासी सोनू के साथ रुपयों का लेन-देन का विवाद चल रहा है। वीरवार शाम आरोपी सोनू अपने साथियों के साथ कार में आया और उसके भाई रोहित का अपहरण कर ले गया। इस बारे में रोहित के साथ घूम रहे उसके दोस्त हेमंत ने उसे बताया। इसके बाद सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर सोनू के खिलाफ अपहरण सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
परिजनों से करवाई थी वीडियो कॉलिंग से बात
पीड़ित रोहित ने बताया कि आरोपी सोनू उसे जींद स्थित अपनी बुआ के घर ले गया और रातभर मारपीट की। उसे पिस्तौल दिखाकर डराया गया। परिजनों से व्हाट्सअप पर वीडियो कॉलिंग कर बातचीत करवाई गई थी। शुक्रवार सुबह सोनू को पता लगा कि उसके खिलाफ पुलिस को शिकायत दे दी है तो वह माफी मांगने लगा व केस दर्ज न करवाने की बात कहने लगा। इसके बाद रोहित को सुबह साढ़े 11 बजे भगवतीपुर छोड़ आरोपी फरार हो गए।