एमडीयू के कुलपति को दूबलधन के देवालय सरोवर पर पुस्तक भेंट करते महंत छतर सिंह, जय भगवान ठेकेदार,
रोहतक। माजरा दूबलधन गांव के देवालय सरोवर स्थित बाबा मोहनदास पुस्तकालय में आयोजित कार्यक्रम में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजबीर सिंह ने घोषणा की कि दूबलधन कॉलेज अगले सत्र से स्नातकोत्तर संस्था बनेगा और विज्ञान की कक्षाएं भी शुरू की जाएंगी। साथ ही पुस्तकालय में कंप्यूटर सर्टिफिकेट कोर्स शुरू करने की भी स्वीकृति दी गई जिसे एमडीयू की मान्यता प्राप्त होगी।
इस दौरान उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की असली पूंजी उसके युवा होते हैं। यदि उन्हें सही दिशा दी जाए तो वे समाज और देश की तस्वीर बदल सकते हैं।
इस अवसर पर आरसीआई अध्यक्ष डॉ. शरणजीत कौर ने दिव्यांग सेवा को सबसे बड़ी मानव सेवा बताते हुए महिलाओं की शिक्षा को देश की प्रगति का मूल बताया। ग्रामीणों ने कुलपति दंपति को बाबा मोहनदास का स्वरूप, पगड़ी व पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
प्रो. ओमपति ने कहा कि इसी कॉलेज से वह प्रोफेसर बनीं। कार्यक्रम संयोजक प्रो. समुद्र कौशिक ने पौधरोपण और शैक्षणिक कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम में जटेला धाम, निरवाला व तीर्थ सरोवर सहित कईस्थलों पर पौधरोपण किया गया।
इस मौके पर महंत राजेंद्र दास, राजकुमार शर्मा, मास्टर जयभगवान, पवन कादयान, प्रो. अजय कादयान, जयपाल नंबरदार सहित कई गणमान्य मौजूद रहे।