झज्जर। झज्जर शहर के लोग जल्द ही दिल्ली ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन की बसों में सफर कर सकेंगे। शुक्रवार से डीटीसी की पांच से छह बसें दिल्ली और झज्जर के बीच चलने की उम्मीद है। दिल्ली सरकार की तरफ से यह शुरुआत की गई है।
करीब 20 साल बाद झज्जर-दिल्ली के बीच डीटीसी की सेवा शुरू हो रही है। हालांकि बादली से दिल्ली के बीच कुछ माह पहले डीटीसी की सेवा शुरू की गई थी, लेकिन अब इसे झज्जर बस अड्डे से शुरू किया जा रहा है। शुक्रवार को इसके लिए बादली के मिग्यानों वाली चौपाल में कार्यक्रम का आयोजन भी रखा गया है, जिसमें दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत को आमंत्रित किया गया है। वह बसों को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
झज्जर से दिल्ली के लिए कुल छह बसें चलाई जाएंगी, जिसमें महिलाएं फ्री यात्रा कर सकेंगी। इसमें किसी प्रकार का कोई पास मान्य नहीं होगा। फिलहाल बसों की समय सारिणी तय नहीं हो सकी है। उम्मीद है कि वीरवार या शुक्रवार तक समय सारिणी भी फाइनल हो जाएगी। इसके बाद यात्रियों को और भी आसानी होगी। यह बसें झज्जर से वाया बादली, ढांसा बॉर्डर, नजफगढ़ तक जाएंगी।
डीटीसी के अधिकारियों ने भी किया दौरा
डीटीसी के अधिकारियों ने भी बुधवार को झज्जर बस अड्डे का दौरा किया। इसके अलावा अधिकारियों से मुलाकात कर समय सारिणी को लेकर भी चर्चा की। झज्जर से नजफगढ़ तक आने वाले स्थानों पर बसों के रुकने की टाइमिंग और किराये पर भी चर्चा की गई। उम्मीद है कि एक-दो दिन में सब कुछ तय कर लिया जाएगा।
वर्जन
शुक्रवार से डीटीसी की बसें झज्जर से नजफगढ़ तक चलेंगी। इसके लिए डीटीसी के अधिकारी भी आए थे। समय सारिणी अभी फाइनल नहीं हुई है।
- रणबीर गुलिया, सीआई, हरियाणा रोडवेज झज्जर डिपो।