रोहतक। शहर में ज्यादातर इलाकों में लोग पानी की कमी से जूझ रहे हैं तो कहीं पर वार्डों में पीने का पानी लीकेज होने के कारण सड़कों पर बह रहा है। वहीं, रामगोपाल कॉलोनी में पीने की नई पाइपलाइन दबाई गई, लेकिन विभाग ने पाइप दबाकर गड्ढे तक नहीं भरे हैं। शहर के हाउसिंग बोर्ड, कमला नगर व डबल फाटक के पास पानी की पाइपलाइन लीकेज है। इससे हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। जनस्वास्थ्य विभाग को शिकायत करने के बाद भी अधिकारियों ने समस्या का निदान नहीं किया।
रामगोपाल कॉलोनी निवासी कृष्ण गुलिया, साहिल कुमार, जय भगवान, अरुण कुमार समेत अन्य लोगों ने बताया कि जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा गली में पीने की पाइपलाइन बिछाई गई है, लेकिन पाइपलाइन दबाकर गड्ढों को मिट्टी से भरा नहीं गया। दो से तीन बार दोपहिया वाहन चालकों के साथ हादसे तक हो चुके हैं। वहीं कॉलोनी के लोगों का आरोप है कि उन्होंने ठेकेदार को गड्ढे भरने की बात कही तो उन्होंने धमकी दे डाली। विभाग को सूचित भी किया लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। वहीं, जसबीर कुमार ने बताया कि कमला नगर की पहली गली व डबल फाटक और हाउसिंग बोर्ड में पीने की पाइपलाइन लीकेज से हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। 10 जनवरी को जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को शिकायत दे चुके हैं, लेकिन अधिकारियों द्वारा समस्या की सुनवाई नहीं की जा रही है।
बाक्स
हाउसिंग बोर्ड के पास बनी मार्केट में जमा हो जाता है लीकेज का पानी
हाउसिंग बोर्ड में प्रवेश करते समय मार्केट भी शुरू हो जाती है, वहीं पर पानी की पाइपलाइन लीकेज है। सुबह के समय पानी आता है तो सारा पानी मार्केट में जमा होने से ग्राहकों को आने जाने में समस्या का सामना करना पड़ता है। लेकिन वहीं हाउसिंग बोर्ड के 4 हजार से ज्यादा लोगों का वहां से आवागमन होता है। लेकिन पानी जमाव से समस्या बनी हुई है।
वर्जन
अगर इस तरह की शिकायत मिलने पर भी समाधान नहीं हो रहा है तो इसकी जांच करवाई जाएगी। पाइपलाइन में बनी लीकेज को आज ही ठीक करवा दिया जाएगा। वहीं, पाइपलाइन दबाकर गड्ढे नहीं भरे है तो उसकी भी जांच करवाकर उन्हें भरवा दिया जाएगा। पानी की सप्लाई भी शुरू करवा दी जाएगी।
-आरके शर्मा, अधीक्षण अभियंता, जनस्वास्थ्य व अभियांत्रिकी विभाग।