शहर से सटे सांखोल गांव में भीषण गर्मी में पानी की किल्लत शुरू हो गई है। यहां के निवासी देवीलाल पार्क में लगे हैंड पंप से पानी भरने के लिए पहुंच रहे हैं। सुबह से शाम तक यहां पीने के पानी के लिए लोगों की भारी भीड़ लगी रहती है। सांखोल गांव के ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों और नेताओं से मांग की है कि पानी की सप्लाई सुचारु की जाए। ताकि भीषण गर्मी में उन्हें पानी की किल्लत न हो।
दिल्ली-रोहतक रोड पर सांखोल गांव तक बने देवीलाल पार्क में तीन स्थानों पर हैंडपंप लगे हुए हैं। इन तीनों पंप का पानी पीने लायक है। खास बात यह है कि इस हैंड पंपों के नजदीक से बहादुरगढ़ माइनर गुजरती है। इसी के चलते सभी हैंप पंप का पानी बेहद ही अच्छा है। प्रतिदिन इन हैंड पंपों से पानी भरने वालों की भारी भीड़ लगी रहती है। इनमें एक हैंड पंप सेक्टर-6 की दूसरी पुलिया पर तो दो देवीलाल पार्क के अंदर लगे हुए हैं। सांखोल गांव के ग्रामीणों संदीप कुमार, प्रशांत, सत्यवान, संतोष, अंगूरी देवी, अनीता, कृष्णा, दयानंद ने बताया कि हर वर्ष गर्मी के मौसम में गांव में पानी की समस्या होती है। इसके बाद लोग देवीलाल पार्क में लगे हैंड पंपों की ओर दौड़ लगाने लग जाते हैं। यहां से पानी भरने के लिए लोग दिन भर लगे रहते हैं। कोई प्लास्टिक की कैन में पानी भरकर ले जाता है तो कोई बाल्टी में तो कोई मटकों में पीने का पानी लेकर जाता है। यही पानी पीकर लोग अपनी प्यास बुझाते हैं। लोगों का कहना है कि पीने के पानी का सरकार व प्रशासन को विशेष प्रबंध करना चाहिए। ताकि लोगों को सड़क पार करके पानी न लाना पड़े।
रोड पार करने में आती है दिक्कत
दिल्ली-रोहतक रोड पर एक तरफ सांखोल गांव हैं तो दूसरी तरफ देवीलाल पार्क। ऐसे में सांखोल गांव के ग्रामीण, बच्चे, महिलाएं दिन भर सड़क का पार करके देवीलाल पार्क में पहुंचते हैं और यहां पीने का पानी भरकर घर पर लेकर जाते हैं। इसके अलावा शहर के अनेक हिस्सों से भी लोग देवीलाल पार्क में लगे हैंड पंपों से पानी ले जाते हैं। लोगों को एक-एक कैन पानी भरने के लिए आधा घंटा से अधिक समय लगता है। सभी अपनी बारी का इंतजार करते रहते हैं।
सांखोल गांव में पेयजल सप्लाई लगातार दी जा रही है। यदि कहीं कोई समस्या है तो उनके पास अभी किसी तरह की शिकायत नहीं आई है।
- संदीप दूहन, एसडीओ, जन स्वास्थ्य विभाग, बहादुरगढ़।