ड्रेन में गिरी बाइक के नीचे दबा कंकाल।
- फोटो : Jhjhar
छुछकवास व मारौत गांव के बीच से गुजर रही ड्रेन नंबर आठ में सूरजगढ़ गांव के समीप एक बाइक के नीचे दबा हुआ नर कंकाल मिला है। जो पुलिस के लिए पहेली बन गया हैं। हालांकि कंकाल की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है। जबकि जिस बाइक के नीचे कंकाल मिला है, वह बाइक 14 दिसंबर को सूरजगढ़ गांव से ही चोरी हुई थी। इस संबंध में बेरी पुलिस थाना ने बाइक चोरी का मामला भी दर्ज किया गया था। हालात को देखकर लग रहा है कि जिस स्थान पर ड्रेन नंबर आठ में बाइक गिरी है। उस स्थान पर मोड़ है और जिस समय यह बाइक गिरी थी। उस समय ड्रेन में पानी चल रहा था। फिलहाल जब ड्रेन का पानी खत्म हुआ तो वहां से व्यायाम करने वाले युवकों को ड्रेन में बाइक पड़ी दिखाई दी और उसके नीचे कंकाल भी दिखाई दिया। इसकी सूचना छुछकवास पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक व कंकाल को ड्रेन से बाहर निकाला गया। जिस बाइक के नीचे कंकाल दबा हुआ था उस बाइक का नंबर एचआर 14डी 6702 है। जब पुलिस ने बाइक के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू की तो वह बाइक चोरी की मिली। इसके संबंध में बेरी पुलिस थाना में मामला भी दर्ज कराया गया था। इतना ही नहीं बाइक व कंकाल के पास एक शराब से भरी हुई बोतल भी मिली है।
सूरजगढ़ गांव के सतप्रकाश की है बाइक
जिस बाइक के नीचे कंकाल दबा मिला है। वह बाइक सूरजगढ़ गांव के सतप्रकाश की थी। जो 14 दिसंबर को चोरी कर ली गई थी। उसने 14 दिसंबर को बेरी पुलिस थाना में मामला दर्ज कराया था। उसके बाद से पुलिस बाइक की तलाश कर रही थी। पुलिस के अनुसार घटना को देखते हुए ऐसा प्रतीत हो रहा है कि बाइक ड्रेन नंबर आठ में गिरी है। क्योंकि चाबी बाइक के अंदर ही मिली है। आशंका जताई जा रही है कि ड्रेन नंबर आठ में पानी होने के कारण बाइक चलाने वाला उसके नीचे दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि फिलहाल तक पोस्टमार्टम में मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।
डीएनए जांच के लिए भेजा सैंपल
चिकित्सकों ने कंकाल से सैंपल लेकर डीएनए टेस्ट के लिए भेज है। इस रिपोर्ट के बाद ही कुछ खुलासा होने की संभावना है। पुलिस ने अन्य पुलिस थानों में इस संबंध में सूचना दे दी है। ताकि मृतक की शनाख्त हो सके। पुलिस ने कंकाल पहचान के लिए 72 घंटे तक सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। कंकाल को देखते हुए उसकी पहचान करना मुश्किल है। हालांकि पुलिस के पास कंकाल पर मिले कपड़े अवश्य है। जिनमें नीले रंग की अपर, सफेद रंग की शर्ट व नीले रंग की बनियान है।
कंकाल का पोस्टमार्टम करवा दिया है। वहीं कंकाल को शनाख्त के लिए नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। जो बाइक मिली है वह चोरी की है। इसकी सूचना अन्य पुलिस थानों में भी दे दी गई है।
मंजीत कुमार, जांच अधिकारी, पुलिस चौकी छुछकवास।