रोहतक। पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय को नया कुलसचिव मिल गया है। विवि कुलपति डॉ. एचके अग्रवाल ने हड्डी रोग विभाग के अध्यक्ष डॉ. रूप सिंह को यह जिम्मेदारी अतिरिक्त कार्यभार के रूप में सौंपी है।
फिलहाल कुलपति व कुलसचिव के दोनों पद डॉ. एचके अग्रवाल के पास हैं। वे बुधवार को अपने जन्मदिन के दिन सेवानिवृत्त होंगे। इसके साथ ही रिक्त होने वाले कुलसचिव पद की जिम्मेदार डॉ. रूप सिंह संभालेंगे।
स्वास्थ्य विज्ञान विवि में बदलाव का दौर चल रहा है। कुलपति की खाली कुर्सी भरने के बाद अब कुलसिचव की कुर्सी पर डॉ. रूप सिंह का नया चेहरा होगा। फिलहाल यह जिम्मेदारी अतिरिक्त कार्यभार के रूप में दी गई है। जल्दी ही इस पद पर नियमित अधिकारी के निर्देश भी जारी हो जाएंगे।
डॉ. रूप सिंह के कुलसचिव बनने से हड्डी रोग विभाग के अध्यक्ष का पद भी रिक्त हो जाएगा। ऐसे में विभागाध्यक्ष की कुर्सी पर भी नया चेहरा होगा। पीजीआई के निदेशक व एमएस के चेहरे को लेकर भी समय का इंतजार है।
निदेशक पद के साक्षात्कार होने शेष हैं। इसके बाद अधिकारियों की पूरी नई टीम नजर आएगी।