संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। यात्रीगण कृपया ध्यान दें...रोहतक-भिवानी रेलवे लाइन पर 27 जनवरी के बाद अपना मार्ग बदल लें, क्याेंकि दोहरीकरण के चलते 27 जनवरी से 16 फरवरी तक 9 ट्रेनें रद्द रहेंगी जबकि सात ट्रेनें को डायवर्ट किया गया है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि डोभ, लाहली व कलानौर के बीच के सिग्नल सिस्टम व दोहरीकरण किया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि भिवानी से रोहतक व रोहतक से हिसार आवागमन करने वाली नौ पैसेंजर ट्रेनों को 27 जनवरी से 16 फरवरी तक रद्द किया गया है जबकि हिसार-नई दिल्ली व नई दिल्ली-हिसार पैसेंजर केवल 14 फरवरी को रद्द रहेगी।
त्रिपुरा सुंदरी को 29 जनवरी, 5 व 12 फरवरी को रोहतक-जाखल-बठिंडा मार्ग से डायवर्ट किया गया है। किसान एक्सप्रेस को 28 जनवरी से 13 फरवरी तक डोभ-महम-हांसी व 13 फरवरी से 16 फरवरी तक रोहतक-जाखल-बठिंडा से रेलवे लाइन से डायवर्ट किया जाएगा।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि किसान एक्सप्रेस को 27 जनवरी से 12 फरवरी तक हांसी-महम-डोभ व 13 से 16 फरवरी को बठिंडा-जाखल-रोहतक से डायवर्ट किया जाएगा। हिसार-नई दिल्ली व नई दिल्ली-हिसार, बिकानेर-हरिद्वार, हरिद्वार-बीकानेर ट्रेन का हांसी-भिवानी-डोभ मार्ग के बजाय डोभ-महम-हांसी से डायवर्जन रहेगा। वहीं, चार ट्रेनों का कलानौर व लाहली में ठहराव नहीं होगा।