जींद रोड पर गांव चांदी के पास खरेंटी से रोहतक दूध देने जा रहे दूधिये की ताबड़तोड़ 11 गोलियां मारकर हत्या कर दी। अज्ञात हमलावरों ने वीरवार सुबह करीब सवा आठ बजे वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। सूचना मिलते ही लाखनमाजरा थाना प्रभारी एसआई राजेंद्र बूरा, एफएसएल एक्सपर्ट डॉ. सरोज दहिया मलिक मौके पर पहुंचे और जरूरी तथ्य जुटाए। पुलिस ने वारदात स्थल से 9 खाली खोल और एक मैग्जीन बरामद की है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय जयभगवान के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भिजवा और अज्ञात हमलावरों पर हत्या का केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी।
लाखनमाजरा थाना पुलिस को दी शिकायत में खरेंटी गांव निवासी राकेश ने बताया कि उसका बड़ा भाई जयभगवान दूध बेचने का काम करता था। वीरवार सुबह करीब सवा आठ बजे जयभगवान बाइक पर ड्रम लाद रोहतक दूध देने जा रहा था। इसी दौरान चांदी गांव नहर के करीब अज्ञात हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी। सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक का एक बेटा है।
चार बार हुआ पोस्टमार्टम, तब भी एक्सरे में मिलती रही गोलियां
वारदात स्थल से शव को पीजीआई ले जाया गया। जहां उसका पोस्टमार्टम हुआ। सुबह से शाम तक चार से भी ज्यादा बार पोस्टमार्टम में देर रात हो गई। पोस्टमार्टम में प्राथमिक तौर पर डॉक्टरों को जो भी गोलियां शरीर के अंदर दिखी उसे निकाल दिया। इसके बाद बॉडी का एक्सरे करवाया गया। एक्सरे के दौरान फिर से शरीर में गोलियां दिखी। डॉक्टरों ने फिर से पोस्टमार्टम किया और गोलियां निकाली। पोस्टमार्टम प्रक्रिया के दौरान पेट, छाती व सिर से डॉक्टरों को करीब 11 गोलियां मिलीं।
खरेंटी गांव का रहने वाला जय भगवान दूधिया था। वीरवार सुबह 11 गोलियां मारकर उसकी हत्या कर दी गई है। परिजनों ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करवाया है। अभी वजह व आरोपियों का सुराग नहीं लगा है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- एसआई राजेंद्र बूरा, थाना प्रभारी, लाखनमाजरा