कोरोना जांच रिपोर्ट लेने के लिए मरीजों को अब डॉक्टर की जरूरत नहीं होगी। अब पैरा मेडिकल स्टाफ रैपिड एंटीजन टेस्ट के माध्यम से स्वयं के स्तर पर जांच रिपोर्ट दे सकेगा। डिप्टी सिविल सर्जन एवं जिला नोडल अधिकारी कोविड-19 डॉ. राजबीर सभ्भरवाल ने बताया कि सरकार से मिली गाइडलाइन के अनुसार वीरवार को पैरामेडिकल स्टाफ को सैंपल लेने का प्रशिक्षण दिया गया है। पॉली क्लिनिक में वीरवार फार्मासिस्ट हरेंद्र, कृष्ण, पॉली क्लिनिक स्टाफ में लैब तकनीशियन निकिता, सुमन व वर्षा को भी सैंपल लेने का प्रशिक्षण दिया गया है। ये स्वयं के स्तर पर मरीज की जांच करेंगे और रिपोर्ट बता सकेंगे। इसकी रिपोर्ट 15 मिनट में दी जा सकती है। इसके अलावा यदि किसी मरीज की जांच रिपोर्ट निगेटिव आती है और उसमें लक्षण विद्यमान होंगे तो उसकी आरटीपीसीआर जांच की जाएगी। डॉ. सभ्भरवाल ने बताया कि फील्ड सर्वे टीम में एलटी, फार्मासिस्टों व स्टाफ नर्सों को भी यह जांच करने का प्रशिक्षण दिया गया है। स्टाफ को सरकार की गाइड लाइन के अनुुसार प्रशिक्षण दिया गया है।