डबवाली में चिकित्सक दोस्त के पास से होली खेलकर सोमवार शाम करनाल लौट रहे चिकित्सक रवि भाटिया की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी सहित तीन अन्य घायल हो गए। नेशनल हाईवे नौ पर गांव वेदवाला के पास यह हादसा हुआ, जिसमें डॉ. भाटिया की कार से एक अन्य अनियंत्रित कार टकरा गई। पुलिस ने हरमन के खिलाफ लापरवाही से कार चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
करनाल निवासी चिकित्सक रवि भाटिया, उसकी पत्नी ललिता भाटिया और फतेहाबाद निवासी डॉ. वेदप्रकाश सोमवार को डबवाली में अपने दोस्त चिकित्सक से मिलने के लिए गए थे। सोमवार शाम करीब पौने सात बजे वे कार में सवार होकर लौट रहे थे, तभी नेशनल हाईवे नंबर नौ पर वेदवाला के समीप फतेहाबाद की ओर से आ रही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर को तोड़कर चिकित्सक रवि भाटिया की कार से टकरा गई। हादसे में कार में सवार तीनों के अलावा दूसरी कार का चालक नेजाडेला खुर्द निवासी हरमन भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉ. रवि भाटिया को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उसकी पत्नी ललिता की गंभीरावस्था को देखते हुए करनाल रेफर कर दिया। फतेहाबाद के चिकित्सक वेद प्रकाश बंसल को हिसार रेफर किया गया है। दूसरी कार के चालक हरमन को सिरसा के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। उसकी हालत स्थिर है।