रोहतक में हिसार बाईपास के नजदीक शास्त्री नगर में गुप्त सूचना मिलने पर क्लीनिक में जांच करती स्व
रोहतक। शहर में अवैध गर्भपात कराने का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। गर्भपात की दवा देकर महिला का गर्भपात कराने के चलते स्वास्थ्य विभाग ने बीएएमएस डॉक्टर दंपती को पकड़ा है। इनके पास से एमटीपी किट भी बरामद हुई हैं। इन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिविल सर्जन डाॅ. रमेश चंद्र आर्य को हिसार बाईपास के नजदीक शास्त्री नगर में चल रहे बल्हारा आयुर्वेदिक एंड मॉडर्न क्लीनिक पर मरीजों को गर्भपात की दवाई दिए जाने की सूचना मिली। इस बारे में उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह को अवगत कराया गया। अवैध गर्भपात की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग व एफडीए (फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन) की संयुक्त टीम गठित की गई।
टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध गर्भपात करने वाले आरोपी डॉक्टर दंपती को धर दबोचा। पीसी पीएनडीटी के जिला नोडल अधिकारी डाॅ. विश्वजीत राठी, औषधि नियंत्रक डॉ. मनदीप मान व रणजीत सिंह टीम में शामिल रहे।
नोडल अधिकारी ने बताया कि डॉ. गरिमा बल्हारा व डॉ. योगेश बल्हारा के खिलाफ एमटीपी एक्ट, ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट व बीएनएस एक्ट के तहत एफआईआर सिटी थाने में दर्ज कराई गई है। डॉक्टर दंपती को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई पुलिस करेगी।
फिलहाल, क्लीनिक को सील किया गया है। अब विभाग आरोपी डॉक्टर दंपती का पंजीकरण रद्द कराने के लिए पत्र लिखेगा। आयुर्वेदिक काउंसिल की कार्रवाई के बाद विभाग अपनी कार्रवाई करेगा।