गोहाना में कार्यरत डॉक्टर ने अपनी पत्नी और एक डॉक्टर पर फोन हैक कर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। डॉक्टर ने कहना है कि उसके साथ कोई अनहोनी होती है तो उसकी जिम्मेदार उसकी पत्नी और उसका साथी चिकित्सक होगा। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को शिकायत में रोहतक के डॉक्टर ने बताया कि वह गोहाना में कोरोना वार्ड में कार्यरत है। उनकी पत्नी रोहतक के सिविल लाइन क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहती है। उनकी 2009 में शादी हुई थी, उनकी एक बेटी है। उसकी पत्नी मई 2020 से मायके में रह रही है। उसके एक डॉक्टर से संबंध हैं। आरोप लगाया कि उसकी पत्नी ने एक अगस्त को उक्त डॉक्टर से बातचीत की। दोनों ने रात को उसकी हत्या की साजिश रची। उन्होंने उसे हादसे या किसी और जरिये से मरवाने की बात की। इसके अलावा बेटी को लेकर 50 लाख रुपये की बात की गई। इसके बाद दो अगस्त को उनके घर पर एक लिफाफा मिला। जिसमें दोनों के बीच हुई बातचीत की चेटिंग के 21 पेज की फोटो कॉपी थी। इसके बाद उन्हें इस साजिश का पता चला। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी और डॉक्टर ने उनका, उनके कई परिचितों के फोन हैक किए हुए हैं। उसने जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा मांगी है।
शिकायत व डॉक्टर के बयान के आधार पर उसकी पत्नी सहित दो पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले में सभी तथ्य जुटाए जा रहे हैं। आगामी जांच के आधार पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- एसआई हरपाल सिंह, एडिशनल एसएचओ, सिविल लाइन थाना।