रोहतक। शारीरिक चोटें तो समय के साथ भर जाती हैं लेकिन मन पर लगे गहरे जख्म सालों-साल नहीं भर पाते। अक्सर समाज में पीटीएसडी (पोस्ट-ट्रॉमेटिक स्ट्रेस डिसऑर्डर) से पीड़ित व्यक्ति को कमजोर दिल वाले या सनकी समझ लिया जाता है।
नागरिक अस्पताल में कार्यरत डॉ. विपीन नैन ने बताया कि असल में पीटीएसडी एक गंभीर मानसिक बीमारी है जो किसी अप्रिय घटना या सदमे से पैदा होती है। यह प्राकृतिक आपदा, गंभीर दुर्घटना, युद्ध, बलात्कार व अन्य हिंसक घटना के बाद पैदा हो सकती है। कई बार पीड़ित मौत का फैसला भी ले लेता है।
पीड़ित दर्दनाक अनुभव को भूल नहीं पाता, घटनाएं नींद में या जागते हुए भी बार-बार आंखों के सामने आ जाती हैं। नागरिक अस्पताल में हर माह समस्या से पीड़ित लगभग 10 से 15 मरीज पहुंचते हैं।
-
अपनों का साथ सबसे बड़ा इलाज
डॉ. विपिन नैन ने बताया कि पीटीएसडी पीड़ितों का व्यवहार अचानक बदलता रहता है। कई मरीज इज्जत के डर से अंदर-अंदर घुटते रहते हैं। ऐसे में परिवार का साथ सबसे बेहतर इलाज होता है। कई परिवार इस स्थिति में मरीज का साथ छोड़ देते हैं। ऐसे में परिवार का पीड़ित के साथ अच्छा व्यवहार व देखभाल जल्दी सही होने में मददगार होता है।
देरी न करें, लक्षण दिखते ही डॉक्टर से मिलें
इस स्थिति में पीड़ित अंदर ही घुटता रहता है। दोस्तों व परिवार को बताने से भी हिचकिचाता है लेकिन देरी के बजाय अचानक मन की चीजें करने में रुचि न दिखाना, किसी बुरी दुर्घटना के लिए खुद को ब्लेम करना, मन में किसी दुर्घटना को लेकर गिल्ट से भर जाना, लगातार नकारात्मक भावनात्मक स्थिति जैसे उदासी, भय, क्रोध या चिड़चिड़ेपन से भरे रहना। आसानी से चौंक जाना या लगातार घबराहट महसूस होना। सोने में कठिनाई होना या बार-बार बुरे सपने आना। इन लक्षणों के दिखते ही डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
ऐसे किया जाता है इलाज
दवाइयों व सीबीटी, ईएनडीआर थेरेपी के माध्यम से पीटीएसडी का इलाज किया जाता है। लक्षणों के आधार पर ही दवाइयां दी जाती है। पीड़ित के साथ परिवार के सदस्यों की काउंसिलिंग भी की जाती है।