रोहतक। जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार का कहना है कि कोई भी प्रत्याशी जाति व धर्म के आधार पर वोट नहीं मांग सकता। ऐसा करने पर चुनाव आयोग की तरफ से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आयोग की कड़ी निगाह है कि कोई प्रत्याशी रुपये का दुरुपयोग न करें।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग की ओर से विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम में बदलाव किया है। अब पांच अक्तूबर को मतदान होगा और आठ को परिणाम आएंगे। चुनाव के लिए पांच से 12 सितंबर तक नामांकन होगा। 13 सितंबर को नामांकनों की जांच होगी, 16 सितंबर को नाम वापसी का दिन है।
व्यक्तिगत टिप्पणी न की जाए चुनाव प्रचार के दौरान
जिला निर्वाचन अधिकारी का कहना है कि चुनाव आयोग की ओर से जारी की गई गाइडलाइन का सख्ती से पालन किया जाएगा। किसी भी उम्मीदवार को रुपयों का दुरुपयोग नहीं करने दिया जाएगा, इसके लिए राजनीतिक दल व उम्मीदवारों की ओर से किए जाने वाले हर खर्च की जिला प्रशासन की ओर से गठित टीमें मॉनिटरिंग कर रही हैं। उम्मीदवार जाति और धर्म के आधार पर वोट डालने की अपील न करें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने वाली सभी पार्टियों व उम्मीदवारों को चुनाव कैंपेन के दौरान व्यक्तिगत टिप्पणी करने से बचना चाहिए।