सोहन गार्ड में आयोजित विवाह समारोह में शनिवार रात डीजे पर नाचने की बात पर हुई कहासुनी के बाद एक युवक ने साथियों के साथ दूल्हे के चचेरे भाइयों और चाचा पर हमला बोल दिया।
सुआ और चाकू से किए गए हमले में दूल्हे के दोनों चचेरे भाई और चाचा घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल युवकों को पीजीआई में भर्ती कराया गया है।
थाना अर्बन स्टेट पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार सोहन गार्डन में शनिवार रात इस्माईला निवासी कपिल के ताऊ के लड़के की शादी हो रही थी।
शादी समारोह में बाराती और घराती डीजे पर डांस कर रहे थे। इसी दौरान नाचने की बात को लेकर कपिल की सोनू नाम के युवक से कहासुनी हो गई।
सोनू के साथ एक युवक और भी था। तीखी झड़प के बाद उस वक्त तो सोनू और उसका साथी वहां से चले गए। स्वागत की रस्म के बाद जब बाराती खाना खा रहे थे तभी सोनू अपने 15-20 साथियों के साथ वहां आ धमका।
उन लोगों ने आते ही खाना खा रहे कपिल पर सुआ और चाकुओं से हमला बोल दिया। कपिल का भाई नरेंद्र बचाव में आया तो उसे भी सुआ-चाकू से वार कर घायल कर दिया।
झगड़े में इन दोनों के चाचा को भी चोट आई। झगड़े के चलते विवाह समारोह में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल कपिल और उसके भाई को पीजीआई में भर्ती कराया गया है। थाना अर्बन स्टेट एसएचओ के अनुसार पुलिस को शिकायत मिल गई है। लोगों से जानकारी हासिल की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जल्द उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।