संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी ने प्रदेश की मेरिट सूची में दूसरा स्थान हासिल करने वाली छात्रा दिव्यांशी के स्कूल के अध्यापकों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। बोर्ड ने इस उपलब्धि और बेहतर परिणाम के लिए स्कूल प्रबंधन को पत्र भेजकर, योग्य शिक्षकों के नाम एक सप्ताह के भीतर भेजने के निर्देश दिए हैं।
चिमनी रोड स्थित एसवीएम वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कलानौर की छात्रा दिव्यांशी ने सत्र 2024-25 में 10वीं में प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया था। छात्रा दिव्यांशी के पिता लवली तनेजा ने बताया कि बेटी ने 500 में 496 अंक प्राप्त किए थ। इसके बाद मुख्यमंत्री ने भी पंचकूला में छात्रा को सम्मानित किया था।
फिलहाल, दिव्यांशी ने 11वीं कक्षा में प्रथम स्थान के साथ उत्तीर्ण होकर 12वीं कक्षा में कॉमर्स विषय में प्रवेश लिया है। लवली तनेजा ने कहा कि हमें खुशी है कि दिव्यांशी के अध्यापकों को सम्मानित किया जाएगा।
एसवीएम वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य ललित शर्मा का कहना कि बोर्ड की ओर से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अध्यापकों को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मानित किया जा रहा है। विद्यालय के छह शिक्षकों, फिजिकल एजुकेशन शिक्षक नितेश चोपड़ा, सामाजिक विज्ञान शिक्षिका सरोज चावल, हिंदी शिक्षिका सरिता ककड़, गणित शिक्षक धीरज बोध, विज्ञान शिक्षिका ज्योति व अंग्रेजी के शिक्षक जयबीर को प्रशंसा पत्र दिया जाएगा।
-
वर्जन
हरियाणा बोर्ड की ओर से 27 मार्च को जारी पत्र में सत्र 2024-25 में प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली 10वीं की छात्रा दिव्यांशी के अध्यापकों के लिए नाम मांगे हैं। एक सप्ताह के अंदर बोर्ड को विद्यालय के अध्यापकों के नाम भेज दिए जाएंगे।
- ललित शर्मा, प्राचार्य, एसवीएम स्कूल