रोहतक। जिलावासी भू-मालिकों/भू-माफिया की ओर से विकसित की जा रही अनाधिकृत कालोनियों या किए जा रहे अनाधिकृत निर्माण में निवेश न करें। जिला प्रशासन की ओर से ऐसी कॉलोनियों एवं निर्माण को गिराने के लिए नियमित अंतराल पर अभियान चलाए जाते हैं। सुंदरपुर व भाली आनंदपुर में चिह्नित खसरा संख्या व विकसित की जा रही अनाधिकृत कॉलोनियों के संदर्भ में सभी अधिकारियों को सेल डीड व सेल एग्रीमेंट न करने के आदेश जारी किए हैं। यह कहना है उपायुक्त अजय कुमार का। वे मंगलवार को लोगों से अपील कर रहे थे।
उपायुक्त के आदेशानुसार जिला प्रशासन के संज्ञान में आया है कि सुंदरपुर की राजस्व संदा के खसरा संख्या-35//15/1, 15/2, 15/3, 15/4, 16/1, 34//10/1 मिन, 10/1, 10/3, 11/1, मिन, 11/3 व भाली आनंदपुर की राजस्व संदा के खसरा संख्या- 44//13/1, 17/2, 18/2/1, 18/2/2, 23 व 24 में नगर योजनाकार विभाग से लाइसेंस, सीएलयू, एनओसी प्राप्त किए बिना ही अनाधिकृत कॉलोनिया विकसित की जा रही हैं। रोहतक के उपमंडलाधीश, जिला राजस्व अधिकारी व रोहतक व कलानौर के तहसीलदार शहरी क्षेत्र में विकसित की जा रही उपरोक्त अनाधिकृत कालोनियों में एग्रीमेंट व सेल डीड न करें। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारी अनाधिकृत कॉलोनियों में बिजली कनेक्शन जारी न करे। उपायुक्त ने इन कॉलोनियों में निर्माण कार्य पर अंकुश लगाने के लिए एसएचओ को उपरोक्त स्थलों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं।