रोहतक। जिला परिषद के सीईओ का कमरा बुधवार को विवाद का कारण बन गया। परिषद के वाइस चेयरमैन ने अधिकारी के कमरे पर अपनी नेम प्लेट लगा दी। इसे अपना कमरा बताकर बैठना भी शुरू कर दिया। इस पर सीईओ का कार्यभार संभाल रहे एडीसी ने आपत्ति दर्ज कराई तो मामला पुलिस तक पहुंचा। बाद में रात करीब 9 बजे पार्षदों ने अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी दी है।
बुधवार को परिषद के वाइस चेयरमैन अनिल हुड्डा को आर्य नगर पुलिस अपने साथ थाने ले गई। यहां करीब ढाई घंटे वाइस चेयरमैन को बैठाए रखा। इस बारे में पार्षदों को पता लगा तो छह पार्षद थाने में पहुंच गए। यहां पुलिस ने वाइस चेयरमैन को थाने लाने का कारण पूछा। इस पर पुलिस ने न तो कारण बताया, न कोई शिकायत दिखाई। इसके चलते वाइस चेयरमैन को लेकर पार्षद थाने से चले आए।
थाने के बाहर वाइस चेयरमैन ने कहा कि जिला परिषद कार्यालय में भाईचारे में कमरा नंबर दो सीईओ को दिया गया था। सरकार ने सीईओ का पद खत्म कर दिया है इसलिए इस कमरे में सभी पार्षदों ने अपने लिए खोल दिया। इस बात पर एडीसी ने शिकायत कर दी। यह गलत है। इस मामले में पार्षदों ने नाराजगी जताते हुए अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कार्रवाई न होने पर पार्षद सामूहिक इस्तीफा देने से पीछे नहीं हटेंगे।