माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। जिला बार में तोड़ी गई चौपाल की जगह पीएचसी एवं डिस्पेंसरी खोली जाएगी। दुकान खोलने का प्रस्ताव वीरवार को सदन की बैठक में रद्द कर दिया गया। प्रस्ताव पर बार प्रधान व उप प्रधान सहित पूरी कार्यकारिणी एकमत नजर आई।
प्रधान दीपक हुड्डा ने बताया कि वीरवार दोपहर 12 बजे बार हॉल में बार के सदन की बैठक हुई, जिसमें बताया गया कि बार एसोसिएशन ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश के जरिए सीएमओ को एक पत्र लिखा था कि बार में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व डिस्पेंसरी खोली जाए। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी मंजूरी दे दी है। जल्द ही चौपाल की जगह निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। अब वहां दुकानें नहीं बनाई जाएंगी।
प्रधान ने सदन में तीन माह में करवाए गए विकास कार्यों का भी ब्योरा दिया। प्रधान ने बताया कि पुराने चैंबर्स की गैलरी पर फाइबर की सीट लगाई गई है। पूरे बार परिसर में फ्री वाई-फाई की सुविधा प्रदान की गई है। जिला बार एसोसिएशन की नई वेबसाइट एवं सॉफ्टवेयर लॉन्च किया गया है, जो 1 जुलाई से काम करेगा।
अधिवक्ताओं की सहूलियत के लिए सभी काम ऑनलाइन होंगे। महिला अधिवक्ताओं को बार-बार नोटिस देने के बावजूद अभी तक कुछ महिला अधिवक्ताओं ने लॉकर्स की चाबी जमा नहीं करवाई, इसलिए लॉकर की सुविधा खत्म करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि बार परिसर में 23 लाख की लागत से चार नए शौचालय बनवाए जाएंगे। नगर निगम के जरिए टेंडर प्रक्रिया जारी है।
बैठक में उप प्रधान अजय ओहल्यान, महासचिव राजकरण पंघाल, वरिष्ठ अधिवक्ता ओमप्रकाश पूनिया, रमेश अरोड़ा, सतवीर बड़गुज्जर, दीपक हुड्डा किलोई, संदीप हुड्डा, सुरेंद्र लोरा, पुनीत पूनिया, अनिल शर्मा, जय भगवान गुलिया, विपिन, रेनू शास्त्री व अंकित जून भी मौजूद रहे।