पुलिस प्रशासन की ओर से गणेश विसर्जन के दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।
इस बार विसर्जन स्वैट (स्पेशल वैपन एंड टेटिक्स टीम) कंमाडो के पहरे में होगा। यह टीम शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में गौकर्ण धाम पर तैनात रहेगी।
इसके लिए मुख्यालय से विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। टीम विशेष वेशभूषा के साथ, 2 असाल्ट राइफल, वायरलेस सेट, बुलेट प्रूफ जैकेट व बुलेट प्रूफ पटका सहित अन्य सुविधाओं से लैस होगी।
पूरे समारोह की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। आतंकी और फिदायीन हमलों से बचने के लिए खास एहतियात बरतने के आदेश दिए गए हैं।
विसर्जन की जिम्मेदारी डीएसपी बिजेंद्र के हवाले
गौकर्ण धाम में मूर्ति विसर्जन की समाप्ति तक सारी जिम्मेदारी डीएसपी बिजेंद्र सिंह की रहेगी। उनकी सहायता के लिए इंस्पेक्टर संदीप कुमार, राइडर स्टाफ इंचार्ज इंस्पेक्टर राजबीर सिंह और महिला थाने से एसआई किरण तैनात होंगी। यहां पर एक कंपनी पुलिस बल और रिजर्व महिला पुलिस सहित, दो वॉकी-टॉकी ऑपरेटर और टीयर गैस स्क्वायड तैनात होंगे।
जेएलएन के पांचों पुल पर तैनात होंगे एनजीओ सदस्य
पुलिस प्रशासन की ओर से नहर में मूर्ति विसर्जन को रोकने के लिए जेएलएन नहर के शहर क्षेत्र में पड़ने वाले पांचों पुलों पर एनजीओ का 1-1 सदस्य तैनात किया गया है। यह सदस्य विसर्जन करने आने वाले धार्मिक संगठनों और व्यक्तियों को शांतिपूर्वक समझाकर वापस भेजने का प्रयास करेंगे।
इन पुलों पर तैनात होंगे एनजीओ सदस्य
- सोनीपत रोड स्थित बोहर के पास- इंचार्ज एएसआई जगदीश कुमार।
- सेक्टर 1 का पुल- इंचार्ज एसआई नरेन दत्त।
- दिल्ली बाईपास स्थित पुल- इंचार्ज एसआई राजकुमार।
- कन्हेली हैड स्थित पुल- इंचार्ज एएसआई ईश्वर ।
- झज्जर रोड स्थित पुल- इंचार्ज फूल कुमार।
ऐसे जाएगी शोभायात्रा
शहर में सभी शोभायात्रा वाया भिवानी स्टैंड, दुर्गा भवन मंदिर, कच्चा बेरी रोड, गौड़ कॉलेज होते हुए गौकर्ण धाम तालाब पहुंचेंगी। वापसी में नेहरू कॉलोनी होते हुए जींद बाईपास चौक से निकाला जाएगा।
यहां लगेंगे पुलिस नाके
जींद बाईपास चौक: इसके तहत नाके पर तैनात कर्मचारी जींद बाईपास चौक की तरफ से शहर व माता दरवाजा की ओर से विसर्जन समरोह तक किसी भी भारी वाहन को प्रवेश नहीं होने देंगे। इस तरफ आने वाले सभी वाहनों को वाया हिसार बाईपास चौक या सुखपुरा चौक की तरफ भेजा जाएगा।
सुखपुरा चौक: मूर्ति विसर्जन तक सुखपुरा चौक, दयानंद मठ, पुराना गोहाना अड्डा की तरफ से किसी भारी वाहन की एंट्री नहीं होगी। इस तरफ आने वाले सभी वाहनों को सैनी स्कूल रोड व शीला बाईपास चौक की तरफ भेजा जाएगा।
नेहरू कॉलोनी मोड जींद रोड: वाहनों को गौकर्ण धाम तालाब की तरफ नहीं आने दिया जाएगा।
माता दरवाजा व पुरानी सब्जी मंडी: यहां से किसी भी वाहन को धाम तालाब की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा।
पुराना गोहाना अड्डा व पाड़ा मोहल्ला: धाम की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा।
टी- प्वाइंट माता दरवाजा रोड व पीली कोठी: किसी भी वाहन को माता दरवाजा की तरफ से नहीं आने दिया जाएगा। सभी वाहनों को कच्चा बेरी रोड, भिवानी स्टैंड और हिसार बाईपास की तरफ भेजा जाएगा।
7 जगहों पर गश्त करेंगे राइडर
- शांतमई चौक से भिवानी स्टैंड तक राइडर नंबर 1
- भिवानी स्टैंड से दुर्गा भवन मंदिर तक राइडर नंबर 2
- दुर्गा भवन मंदिर से कच्चा बेरी रोड तक राइडर नंबर 3
- कच्चा बेरी रोड से टी प्वाइंट गौकर्ण रोड तक राइडर नंबर 4
- टी प्वाइंट गौकर्ण रोड से गौड़ कॉलेज व जाट भवन तक राइडर नंबर 5
- गौड़ कॉलेज व जाट भवन से गौकर्ण तालाब तक राइडर नंबर 6
- धाम से टी प्वाइंट नेहरू कॉलोनी तक राइडर नंबर 7
- तीन-तीन की टुकड़ियों में चार स्थानों पर पैदल पुलिस बल गश्त करेगा
- गोताखोर लाइफ जैकेट, 1 नाव, 1 एंबुलेंस, दमकल वाहन और क्रेन की व्यवस्था।