रोहतक। सीएसआईआर-यूजीसी नेट परीक्षा पास कराने के नाम पर गोहाना में 37 अभ्यर्थियों से ठगी के प्रयास में करौथा के नीरज और उसके भाई धीरज का नाम सामने आया है। नीरज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था जबकि धीरज भागा हुआ है। धीरज ही इस ठगी मामले का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है।
मामले में कुछ शिक्षकों के जुड़े होने की बात भी सामने आ रही है। इनके अपने बच्चे भी परीक्षा में शामिल हुए थे। चर्चा है कि धीरज शहर में ही कोचिंग सेंटर चलाता था। यहीं से ठगी का तानाबाना बुना गया। इस काम में उसके भाई नीरज के अलावा करौथा के ही तीसरे युवक सचिन ने साथ दिया। इसके अलावा ग्राहक लाने वाला दलाल भी भागा हुआ है।
बताया जा रहा है ग्राहकों से रुपयों का लेन-देन पहले नहीं हुआ है। इसमें आधी रकम पेपर के बाद और बाकी परिणाम आने पर देने की बात तय हुई थी।
सितंबर 2018 में हुआ था एयरफोर्स परीक्षा पेपर लीक : शहर के हिसार बाईपास पर एक निजी अकादमी में 13 से 16 सितंबर 2018 तक एयरफोर्स भर्ती परीक्षा होनी थी। यहां गिरोह ने ऑनलाइन पेपर लीक कर दिया था। इसके अलावा केंद्र के पड़ोस में बने निजी अस्पताल के ऊपर का कमरा किराए पर लेकर वहां इनटरनेट की फाइबर केबल पहले ही बिछा दी गई थी। इसके जरिए कंप्यूटर सिस्टम रिमोट पर लेकर पेपर लीक कर उनके जवाब देते हुए एयरफोर्स के अधिकारियों ने गिरोह को पकड़ा था।