डीजीपी जेल केपी सिंह शनिवार को अचानक सुनारिया जेल का निरीक्षण करने पहुंच गए। डीजीपी ने करीब डेढ़ घंटे तक राम रहीम की सुरक्षा को लेकर जेल अधिकारियों के साथ बातचीत की। उन्होंने जेल के बाहर की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
जेल के बाहर लगाए गए सभी नाकों पर गए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीजीपी ने आईजी और एसपी से बातचीत की। उन्होंने डेरा प्रमुख की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जेल प्रशासन को कड़े निर्देश दिए। साथ ही जेल में बंद अन्य कैदियों से राम रहीम को दूर रखने का सुझाव दिया। बता दें कि जेल में करीब 13 कैदी भूख हड़ताल पर हैं।
सोमवार को राम रहीम से मिलने आ सकते हैं परिजन
वहीं, जेल में बंद राम रहीम के परिजन सोमवार को उससे मिलने आ सकते हैं। फिलहाल डेरा प्रमुख के परिजन राजस्थान के गंगानगर में अपने पैतृक गांव में हैं। अंग्रेजी वर्णमाला के हिसाब से जेल में राम रहीम से सोमवार और बृहस्पतिवार को ही मुलाकात की जा सकती है।