रोहतक। नगर निगम शहर में 40 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाएगा। सबसे ज्यादा 17 करोड़ रुपये कन्हेली रोड पर स्थित डेयरी कॉम्प्लेक्स में सुविधा देने पर खर्च होंगे। कामों को गति देने के लिए मंगलवार को निगम आयुक्त ने इंजीनियरिंग ब्रांच के अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में हिदायत दी गई कि जल्द ही कामों को गति दी जाए। बारिश में जो सड़कें टूट गई हैं उनके गड्ढों को तुरंत भरा जाए। मंगलवार दोपहर को निगम आयुक्त डॉ. आनंद शर्मा ने तकनीकी शाखा के अधिकारियों से शहर में चल रहे और मंजूर हो चुके विकास कार्यों का ब्योरा मांगा।
एक-एक कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों का निरंतर निरीक्षण करें। साथ ही गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। कोई भी ठेकेदार लापरवाही करे तो कार्रवाई करें।
उन्होंने कहा कि बारिश के कारण कई कार्य रुके हुए हैं। मानसून खत्म होते ही कामों में तेजी लाई जाए। आयुक्त ने कार्यकारी अभियंता को हिदायत दी कि सड़कों के गड्ढों को प्राथमिकता के साथ भरें। शौचालयों की सफाई के कार्य पर भी नजर रखी जाए।
बैठक में संयुक्त आयुक्त मंजीत सिंह, कार्यकारी अभियंता मंजीत दहिया व नवीन कुमार धनखड़, सहायक अभियंता तरुण कुमार, शांत सुहाग, विरेंद्र हुड्डा, सत्यव्रत, सुनील कुमार मौजूद रहे।
बाक्स
ये हैं बड़े प्रोजेक्टर
कार्य लागत राशि लाखों में
कन्हेली रोड डेयरी कॉम्प्लेक्स 1659
बोहर के स्टेडियम में सुविधाएं 975
सेक्टर तीन में सड़क निर्माण 210
सेक्टर चार में सड़क निर्माण 151
बोहर व बाबा मस्तनाथ नगर में सड़क निर्माण 101
सेक्टर-2 में टूटी सड़कों की मरम्मत 100
इंदिरा व कोढ़ी कॉलोनी गली निर्माण 99.33
खेड़ी साध में नाला निर्माण 90.42
शिव कॉलोनी में गली निर्माण 79.99
वार्ड दो में गली निर्माण 74.99
यहां भी विकास कार्य होंगे
निगम की तरफ से बरसी नगर, रामलीला पड़ाव, नेहरू कॉलोनी, झंग कॉलोनी, अर्जुन नगर, चांद नगर, मॉडल टाउन, डीएलएफ कॉलोनी, लेबर चौक से आर्य नगर, बाबा बंदा बहादुर गुरुद्वारा की ओर पार्क से सटी सड़क, राधे-राधे पार्क में संगीतमय सजावटी लाइट व फव्वारे लगाए जाएंगे।
शहर के विकास कार्यों की समीक्षा की गई है। बारिश के कारण कई कार्यों की गति रुक गई थी। मानसून के बाद उन्हें गति दी जाएगी। सड़कों में हुए गड्ढों को प्राथमिकता के साथ भरा जाएगा। बड़े प्रोजेक्टों पर काम समय पर होगा। -डॉ. आनंद शर्मा, आयुक्त, नगर निगम।
दिल्ली रोड पर अस्थल बोहर के निकट सड़क की खस्ता हालत। संवाद