रोहतक। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता, गुप्तचर विभाग व एफडीए विभाग की साझी टीम ने बुधवार को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता परखने के लिए कार्रवाई की। इसके तहत शहर के शीला बाईपास से दिल्ली जाने वाली सड़क पर डेयरी से सैंपल लिए गए। गुप्तचर विभाग से खुशवंत सिंह, मुख्यमंत्री उड़नदस्ता टीम से एसआई कर्मबीर व खाद्य एवं सुरक्षा विभाग से डॉ. भंवर सिंह की संयुक्त टीम बुधवार को सांई राम डेयरी पहुंची। यहां से देसी घी व दूध के चार-चार सैंपल भरे। मां दुर्गा डेयरी से देसी घी के चार चार सैंपल लिए गये। सोनीपत के दुभेटा निवासी सांई राम डेयरी के मालिक व मां दुर्गा डेयरी के मालिक रमेश से लाइसेंस मांगा गया। ये दोनों किसी तरह का लाइसेंस नहीं दे पाए। एफएसओ डॉ. भंवर सिंह ने कहा कि दोनों डेयरियों से लिए गये सैंपल जांच के लिए लैब में भेजे जाएंगे। वहां से रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में सहायक सुनील राठी व संदीप का भी सहयाेग रहा।