Av 2 निखिल की मौत के साढे 49 घंटे बाद उसके घर पर पहुंची जिला शिक्षा अधिकारी, परिवार को दिया उचित कार्रव
रोहतक। सुनारिया रोड स्थित मानव रचना ग्लोबल स्कूल में फुटबाल गोल पोस्ट के नीचे दबने से हुई आठवीं कक्षा के 13 वर्षीय छात्र निखिल की मौत के साढ़े 49 घंटे बाद शुक्रवार करीब डेढ़ बजे शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्कूल का दौरा किया। डीईओ परमेश्वरी हुड्डा, विभाग से हरदीप राठी, सुरेंद्र हुड्डा व अन्य ने डेढ़ घंटे तक स्कूल में घटना स्थल ग्राउंड व अन्य जगहों की जांच की। जांच के दौरान सामने आया कि स्कूल प्रबंधन की लापरवाही से निखिल की मौत हुई है। इस दौरान ग्राउंड से फुटबाल गोल पोस्ट भी हटवा दिया गया। डीईओ ने लापरवाही के अतिरिक्त स्कूल में मिली सभी खामियों के बारे में मुख्यालय चंडीगढ़ को पत्र लिखा है। इसके बाद डीईओ छात्र के पैतृक गांव दतौड़ भी पहुंची। जहां वह छात्र की मां व अन्य परिजनों से मिलीं। डीईओ ने परिजनों को संबंधित मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बता दें कि सुनारिया रोड स्थित मानव रचना स्कूल में बुधवार आधी छुट्टी के समय 13 साल के निखिल की फुटबाल के गोल पोस्ट के नीचे दबने से मौत हो गई थी। इस दौरान डीईओ ने न तो मौके का मुआयना किया, न ही किसी को भेजा। इसके अलावा जिला शिक्षा अधिकारी परमेश्वरी हुड्डा ने स्कूल प्रबंधन की कोई गलती न बताते हुए इसे छात्र के साथ अनहोनी बताया था। वहीं स्कूल प्राचार्य का कहना था कि गोल पोस्ट जमीन में दबा हुआ था, बच्चों ने खेल-खेल में इसे जमीन से निकाल दिया था, जिस कारण हादसा हुआ। हालांकि जांच के बाद पुलिस ने छात्र की मां के बयान पर स्कूल मालिक और प्राचार्य के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज किया है।