बहादुरगढ़। कोरोना महामारी से पहले श्रीगंगा नगर से हावड़ा के बीच चलने वाली उद्यान आभा तूफान एक्सप्रेस का अभी तक संचालन नहीं हुआ है। यह गाड़ी बहादुरगढ़ स्टेशन पर रुकती थी। अब श्रीगंगानगर से हावड़ा के बीच एक नई सुपरफास्ट गाड़ी का संचालन आरंभ होगा। परंतु यह गाड़ी बहादुरगढ़ नही रुकेगी। इसको लेकर दिल्ली-रोहतक दैनिक रेल यात्री समिति ने रेल मंत्री को पत्र लिखा है और इस गाड़ी का ठहराव बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन पर करने की मांग उठाई है। यह गाड़ी नई दिल्ली से चलकर सीधे रोहतक स्टेशन पर रुकेगी। समिति पदाधिकारियों का कहना है कि यदि इस गाड़ी का ठहराव बहादुरगढ़ स्टेशन पर नहीं होता है तो रेल यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
दिल्ली-रोहतक दैनिक रेल यात्री समिति के प्रवक्ता सतपाल हांडा ने बताया कि यह गाड़ी बहादुरगढ़ को राजस्थान, बिहार, झारखंड व पश्चिम बंगाल को जोड़ेगी, क्योंकि लंबी दूरी की गाड़ियों का ठहराव जन प्रतिनिधियों की अनदेखी की वजह से बहादुरगढ़ स्टेशन पर नहीं हो रहा। रेल विभाग द्वारा भी बहादुरगढ़ वासियों की अनदेखी की जा रही है। इससे वर्तमान में भी 7 एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव यहां नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि दैनिक रेल यात्रियों को इन गाड़ियों का ठहराव करवाने के लिए संघर्ष का रास्ता अपनाना पड़ेगा। अब नई गाड़ी का ठहराव बहादुरगढ़ स्टेशन पर होना चाहिए।