बावल। आसलवास गांव के ग्रामीणों ने शुक्रवार को एचएसआईआईडीसी कार्यालय पहुंचकर 100 एकड़ में भरे कंपनी के केमिकल युक्त पानी से निजात दिलाने की मांग की।
ग्रामीणों ने कहा कि अगर तीन दिन के अंदर पानी से नहीं दिलाई निजात तो एचएसआईआईडीसी पर ताला जड़ देंगे। यह भी कहा कि पिछले करीब 5 वर्षों से गांव के नजदीक 100 एकड़ में कंपनियों से निकला हुआ केमिकल युक्त पानी भरा है।
गांव की बीपीएल कॉलोनी तथा मंदिर में पानी प्रवेश कर गया है। लोगों का जीना दूभर हो गया है। केमिकल युक्त पानी तथा सीवरेज का पानी छोड़ने से ग्रामीणों में चर्म रोग संबंधी बीमारियां बढ़ रही है। केमिकल युक्त पानी से उठती दुर्गंध के कारण जीना मुहाल हो गया है। तीन गांवों का जमीन का पानी दूषित हो चुका है।