कलानौर के पटवापुर में खेतों में जलभराव को देखते किसान। स्रोत : किसान
रोहतक। महम, कलानौर के गांवों में बारिश के बाद हुए जलभराव से किसानों के खेतों में नुकसान पहुंचा है। इसके लिए किसानों ने मुआवजे की मांग करते हुए प्रशासन से पानी निकासी करवाने की मांग की। कलानौर के पटवापुर व बलंब तथा महम के बहलबा में खेतों में पानी भरा हुआ है।
अखिल भारतीय किसान सभा ने प्रभावित गांवों का दौरा किया और प्रशासन से पीड़ित किसानों को मुआवजा देने व पानी निकासी की मांग की। किसान सभा के जिला प्रधान प्रीत सिंह ने कहा कि पानी निकासी न होने से किसानों की फसलों को नुकसान हो रहा है। बाजरा व कपास की फसल बचने की कोई संभावना नहीं है। धान भी पानी में डूबने से नष्ट हो जाएगा।
किसान सभा के राज्य महासचिव सुमित दलाल ने बताया कि प्रदेश के हिसार, भिवानी, रोहतक में हजारों एकड़ में किसानों की फसल बर्बाद हो गई लेकिन अभी तक सरकार ने नुकसान का आकलन करने का निर्देश नहीं दिया है। इस मौके पर आज राय सिंह नेहरा, खेमचंद गहलावत, ओमप्रकाश कादयान, सुंदर साहब मौजूद रहे।