रोहतक। कच्ची गढ़ी कुआं मोहल्ले में परिवार हुए पथराव के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के विरोध में वीरवार को परिवार की महिलाएं एसपी गौरव राजपुरोहित से मिलीं और कार्रवाई की मांग की। एसपी ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया।
सामाजिक कार्यकर्ता मनीषा ने बताया कि 19 मई की रात कुछ युवकों ने फरसे व कुल्हाड़ी लेकर उनके घर पर हमला कर दिया था। उस समय घर में तीन से 12 साल की उम्र के चार बच्चे व बेटे की बहू थी। उन्होंने समय रहते घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया, नहीं तो बड़ी वारदात हो सकती थी।
उन्होंने रात साढ़े 11 बजे सिटी थाने में शिकायत दी। इसके बावजूद 20 मई को सुबह 11 बजे तक आरोपी नहीं पकड़े गए। वीरवार सुबह वे एसएचओ रमेश कुमार से मिले। उन्होंने जांच अधिकारी को कार्रवाई के लिए बोला लेकिन पूरा दिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी युवक नशे का धंधा करते हैं। तत्काल पुलिस कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार करे। थाना प्रभारी रमेश का कहना है कि आरोपियों की पहचान हो गई है। जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।