यूजी, पीजी की परीक्षाओं में ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन का भी विकल्प देने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्यों ने कुलपति कार्यालय के बाहर रोष प्रदर्शन किया। एमडीयू के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह के बाहर न आने पर वे अंदर जाने लगे तो सुरक्षा कर्मियों के साथ धक्कामुक्की हुई। फिर कुलसचिव, डीन और परीक्षा नियंत्रक ने बाहर आकर बात की। विद्यार्थियों ने ऑनलाइन का विकल्प देने पर जोर दिया तो परीक्षा नियंत्रक डॉ. बीएस सिंधु ने कहा कि जब बच्चे स्कूल जा सकते हैं तो आपको क्या दिक्कत है। तब प्रदर्शनकारी बैकफुट पर आए और कहा कि जायज मामलों में विद्यार्थियों को ऑनलाइन परीक्षा देने की इजाजत दी जाए। एमडीयू अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि इस संबंध में एक घंटे के अंदर सभी विभागों और कॉलेजों को ई-मेल चला जाएगा, तो प्रदर्शन खत्म हो गया।
एबीवीपी के सदस्य वीरवार की दोपहर 12 बजे कुलपति कार्यालय के बाहर नारेबाजी करते हुए पहुंचे। कुछ ही देर में उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाकर्मियों को चेतावनी दी कि अगर दो मिनट में कुलपति बाहर आकर उनसे बात नहीं करते हैं तो वे अंदर जाएंगे। लेकिन एमडीयू प्रशासन की ओर से कोई पहल नहीं की गई। प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय में घुसने की कोशिश की तो सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोककर दरवाजा बंद कर दिया। फिर कुलसचिव प्रो. गुलशन लाल तनेजा, डीन कॉलेज डेवलपमेंट काउंसिल डॉ. एएस मान और परीक्षा नियंत्रक डॉ. बीएस सिंधु ने बाहर आकर विद्यार्थियों से बातचीत शुरू की। एबीवीपी के प्रदेश सह-मंत्री सन्नी नारा ने कहा कि हरियाणा के सभी विश्वविद्यालयों ने परीक्षार्थियों को ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन का विकल्प दिया है, फिर एमडीयू क्यों नहीं दे रहा। डॉ. एएस मान ने सन्नी से कहा कि वह आराम से अपनी बात रखें। उनका जवाब था कि सर, मेरी आवाज ही ऐसी है, दो बार झगड़ा हो चुका है। डॉ. मान ने कहा कि कई परिस्थितियों में पहले ही ऑनलाइन का विकल्प दिया गया है। एकदम से सभी के लिए ऐसा करना संभव नहीं है, एमडीयू में तो जरूरी ढांचा है पर कॉलेजों में नहीं है। विद्यार्थियों के अड़ने पर डॉ. सिंधु ने कहा कि स्कूल खुल रहे हैं, बच्चे आ सकते हैं तो आपको क्या दिक्कत है। फिर कई विद्यार्थियों ने मौके पर ही अधिकारियों को मेडिकल रिपोर्ट दिखाते हुए कहा कि ये जायज केस हैं पर कॉलेज नहीं मान रहे। वहां के प्राचार्य तो मिलने को ही तैयार नहीं हैं। विभागाध्यक्ष और प्राचार्य ऑनलाइन मोड के संबंध में एमडीयू के सर्कुलर का पालन नहीं कर रहे हैं। उन्हें इस बारे में निर्देश दिए जाएं। डॉ. मान ने आश्वासन दिया कि एक घंटे में ई-मेल के जरिये सभी कॉलेजों और विभागों को इस बारे में दिशा-निर्देश जारी कर दिए जाएंगे। एक-दो मामलों का मौके पर निपटारा भी किया गया। उसके बाद प्रदर्शनकारी चले गए। प्रदर्शन में महानगर मंत्री पुष्पेंद्र यादव, सुधीर, नितेश दहिया, अरुण, हरिओम पंडित, पंकज शास्त्री, महेश, विनय मलिक, निखिल ज्योति, हिना, गीता, निशिता, मीनू धनखड़, त्रिस्था, नीलम भी मौजूद थे।