एमडीयू में स्थायी वीसी की नियुक्ति का मामला गरमाता जा रहा है। शिक्षक और
गैर शिक्षक कर्मचारी संघ के साथ-साथ छात्र संगठन भी सड़कों पर उतर आए हैं।
संघ ने यूनिवर्सिटी में दो दिनों के लिए कलम छोड़ हड़ताल शुरू कर दी है।
चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल भी शुरू की जा
सकती है।
पूर्व निर्धारित घोषणा के अनुसार, सोमवार को शिक्षक संघ के
प्रधान डॉ. अश्वनी धींगड़ा और गैर शिक्षक संघ के प्रधान रणधीर कटारिया के
नेतृत्व में कर्मचारियों ने गेट नंबर-2 पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान
उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी में अस्थायी वीसी की नियुक्ति के बाद कामकाज
ठप हो गए हैं।
इस अनदेखी के चलते सोमवार और मंगलवार दो दिनों के लिए
यूनिवर्सिटी में कलम छोड़ हड़ताल शुरू कर दी गई है। शिक्षक और गैर शिक्षक
संघ के साथ-साथ उनके समर्थन में सर्व कर्मचारी संघ, इनसो, एसएफआई, भगत सिंह
छात्र मोर्चा, आंगनबाडी वर्कर्स यूनियन ने भी समर्थन दिया।
प्रदर्शन करने
वालों में अनिल मल्होत्रा, उप प्रधान निरंजन, प्रेम साजवान, कृष्ण चंदर,
विजयपाल, पूर्व प्रधान दयानंद छिक्कारा, कुलवंत मलिक, शांतिलाल, प्रधान
रमेश लौरा, आंगनवाड़ी की प्रदेशाध्यक्ष सविता, प्रदीप देशवाल, सविता, जगपाल
और डॉ. राजेंद्र शर्मा मौजूद रहे।