संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। डॉ. अंबेडकर मिशनरीज विद्यार्थी एसोसिएशन और नेशनल स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को पंचकूला में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार तरुण भंडारी से मुलाकात की। उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. भगत सिंह राठी से जुड़े कथित अवैध वसूली प्रकरण में कार्रवाई की मांग का ज्ञापन सौंपा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रम सिंह डुमोलिया ने आरोप लगाया कि प्रो. भगत सिंह राठी ने विश्वविद्यालय के नियमों का उल्लंघन किया। उन्होंने प्रशासनिक अनुमति के बिना छात्रों से विभिन्न नोटिस जारी कर लाखों रुपये की वसूली की।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने शिकायतों का संज्ञान लिया था। इस मामले में एक जांच समिति गठित की गई थी। समिति की रिपोर्ट के आधार पर मामले को गंभीर माना गया। विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद ने संबंधित प्रोफेसर के निलंबन के आदेश जारी किए हैं।
विजिलेंस जांच और बर्खास्तगी की मांग
ज्ञापन में उच्च शिक्षण संस्थानों में भ्रष्टाचार रोकने के लिए निष्पक्ष विजिलेंस जांच की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार तरुण भंडारी ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने इसे पुलिस महानिदेशक विजिलेंस को जांच के लिए भेजने का आश्वासन दिया। छात्र संगठन का मानना है कि यह प्रोफेसर से जुड़ा पहला मामला नहीं है, इसलिए वे सख्त विभागीय कार्रवाई और सेवा से बर्खास्तगी की मांग करते हैं।