बहादुरगढ़। किसानों के दिल्ली कूच के बाद से टिकरी बॉर्डर पर दिल्ली और हरियाणा पुलिस ने सक्रियता बढ़ा दी है। वहीं, किसानों के यहां पहुचंने की सूरत में तीन लेयर की बैरिकेडिंग भी की जा सकती है। रात के समय टिकरी बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस की ओर से सीआरपीएफ की तीन टुकड़ी भी तैनात कर दी गई।
झाड़ौदा बॉर्डर पर भी पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है। यहां पर भी पुलिस ने तंबू लगाया है। बाहरी दिल्ली पुलिस के अधिकारी लगातार टिकरी बॉर्डर पर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। हालांकि, सील करने के लिए शुक्रवार को भारी संख्या में लोहे के बैरिकेड, बड़े-बड़े कंटेनर, लोहे की कंटीली तारों के अलावा दिल्ली पुलिस ने यहां पर तंबू भी लगा दिए थे।
दिल्ली पुलिस ने टिकरी बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के लिए लोहे व कंक्रीट के बैरिकेड्स और लोहे के बड़े-बड़े कंटेनर सड़क किनारे खड़े कर दिए हैं। पिछली बार भी राजधानी दिल्ली को जाने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 9 की सड़क को पूरी तरह से ब्लॉक करने का काम पुलिस की तरफ से किया गया था। बहादुरगढ़ में सेक्टर-9 मोड़ पर भी बैरिकेडिंग की गई थी। यहां पर बैरिकेडिंग के लिए लगाए गए बड़े-बड़े पत्थरों को भी 10 दिन पहले ही यहां से हटाया गया है। अन्यथा आधी सड़क पर पत्थर रखे हुए थे। यहां पर भी पिछली बार किसान आंदोलन की आहट के बाद से लोहे की कंटीली तारों से लैस बैरिकेड्स, कंक्रीट के बड़े-बड़े बैरिकेड्स और लोहे के कंटेनर में मिट्टी भरकर सड़क को बंद कर दिया गया था। अब एक बार फिर से किसानों ने दिल्ली कूच का ऐलान किया है तो दिल्ली-हरियाणा पुलिस फिर से एक्शन मोड में आ गई है। वहीं, दिल्ली पुलिस की ओर से सुरक्षा को लेकर सीआरपीएफ की तीन टुकड़ियों की तैनाती देर रात की गई।
वर्जन
बिना अनुमति किसी भी किसान को राजधानी दिल्ली में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। पुलिस की प्राथमिकता लॉ एंड ऑर्डर को संभालने की है। फिलहाल टिकरी बॉर्डर पर किसी तरह की पाबंदी नहीं लगाई गई है। मगर किसान यहां पहुंचते हैं तो पुलिस ने पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। वहीं, हरियाणा पुलिस से भी बातचीत की जा रही है।
-सचिन शर्मा, डीसीपी, बाहरी दिल्ली
किसान यहां पहुंचते हैं तो पुलिस ने पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। पुलिस जवानों को रिजर्व रखा गया है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस तैयार है। सरकार और प्रशासन की किसान नेताओं से बातचीत चल रही है। इतना ही नहीं देश की राजधानी दिल्ली की पुलिस से भी हरियाणा पुलिस लगातार संपर्क में है।
-मयंक मिश्रा, डीसीपी, बहादुरगढ़।
-फोटो 52 : टिकरी बॉर्डर पर लगाए जाने वाले साउंड सिस्टम को तैयार करते कर्मचारी। संवाद