रेवाड़ी। जिले के कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिले को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बोर्ड परीक्षा परिणाम में देरी के कारण अब दाखिले के शेड्यूल में बदलाव होने की संभावना है।
हरियाणा बोर्ड और सीबीएसई की 12वीं कक्षा के परिणाम अभी तक घोषित नहीं हुए हैं। इसके कारण उच्चतर शिक्षा विभाग नया शेड्यूल जारी कर सकता है। पहले जारी कार्यक्रम के अनुसार स्नातक प्रथम वर्ष में ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 7 मई से शुरू होनी थी।
विद्यार्थियों के दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन 9 मई से 6 जून तक किया जाना था। हालांकि बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम लंबित होने के कारण विभाग अब नए सिरे से तारीखों की घोषणा करेगा।
उच्चतर शिक्षा विभाग ने सभी महाविद्यालयों को पहले ही दाखिले से संबंधित तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए थे। जिले के सभी कॉलेज अपनी प्रोफाइल पोर्टल पर अपडेट कर चुके हैं।
पोर्टल पर सीटों की संख्या, फीस और विषय संयोजन सहित अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध करा दी गई है। 14 कॉलेजों में करीब 11 हजार से अधिक सीटों पर दाखिले होंगे।
कॉलेज प्रशासन का कहना है कि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली गई हैं। विभाग से नया शेड्यूल जारी होते ही दाखिला प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
बीए, बीएससी और बीकॉम की कुल 5380 सीटें
जिले में 11 सरकारी महाविद्यालयों के अलावा एडेड और स्ववित्त पोषित कॉलेजों में सीटों का ब्योरा सामने आया है। बीए प्रथम वर्ष में 3360, बीएससी (फिजिकल साइंस) में 940 और बीकॉम प्रथम वर्ष में 1080 सीटें उपलब्ध हैं। इससे विद्यार्थियों को अपनी पसंद के कोर्स में दाखिला लेने के पर्याप्त अवसर मिलेंगे। साथ ही कुछ कॉलेजों में नए कोर्स शुरू होने की भी उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
वर्जन :
हरियाणा बोर्ड और सीबीएसई का 12वीं का परिणाम घोषित नहीं हुआ है। ऐसे में उच्चतर शिक्षा विभाग स्नातक में दाखिले का नया शेड्यूल जल्द कर सकता है। सभी कॉलेजों ने सीट, फीस और विषय संयोजन से संबंधित जानकारी पोर्टल पर अपडेट कर दी गई है ताकि प्रक्रिया शुरू होते ही विद्यार्थियों को सुविधा मिल सके।- मनु कुमार, एडमिशन नोडल अधिकारी, राजकीय महाविद्यालय खरखड़ा।