‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान के तहत पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा सोमवार को नांदल और दतोड़ पहुंचे। यहां लोगों को संबोधित करते हुए कांग्रेस की सरकार बनने का दावा किया। जनता को कांग्रेस की सरकार बनने पर बुजुर्गों को 6000 रुपये पेंशन, ओपीएस, 2 लाख पक्की नौकरी, 500 रुपये में सिलिंडर और 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने के लिए प्रतिबद्धता जाहिर की।
उन्होंने कहा कि वह लगातार हरियाणा में घूम रहे हैं। जन मिलन समारोह, विपक्ष आपके समक्ष व ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान के तहत जनता से संवाद स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की भावना जानने के बाद दावे से कह सकता हूं कि प्रदेश के हर हिस्से से कांग्रेस की लहर है। प्रदेश की जनता हरियाणा को बेरोजगारी, अपराध, नशे, भ्रष्टाचार और महंगाई में नंबर वन बनाने वाली बीजेपी-जेजेपी सरकार को उखाड़ कर फेंकना चाहती है। लोग बेसब्री से चुनाव का इंतजार कर रहे हैं। अब कांग्रेस के सामने बीजेपी-जेजेपी को हराना बड़ी चुनौती नहीं है। यह बीड़ा खुद जनता ने अपने हाथ में ले लिया है। ऐसे में कांग्रेस की जिम्मेदारी बनती है कि प्रदेश को एक कल्याणकारी सरकार दे व फिर से हरियाणा को देश का नंबर वन राज्य बनाए। इसीलिए कांग्रेस जनता की मांगों और उम्मीदों के आधार पर अपनी नीतियां बना रही है।