रोहतक। प्रताप मोहल्ला से तीन दिन पहले संदिग्ध हालात में दंपती लापता हो गया। परिजनों को घर से एक पत्र मिला है जिसमें लिखा गया है कि उनके ऊपर साढ़े चार लाख रुपये कर्ज है। लेनदार परेशान कर रहे हैं इसलिए मरने जा रहे हैं। तीन दिन बाद भी दंपती का सुराग नहीं लगा है। पुरानी सब्जी मंडी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पुलिस को दी शिकायत में प्रताप चौक निवासी नरेश सेठी ने बताया कि उनके बड़े भाई हैप्पी सेठी किला रोड बाजार में कपड़े की दुकान पर नौकरी करते हैं जबकि भाभी प्रियंका ब्यूटीपार्लर चलाती हैं। तीन दिन पहले वह पुरानी सब्जी मंडी की तरफ गए तो उनके भाई व भाभी घर पर थे। साथ में 13 साल का बेटा व 17 साल की बेटी ट्यूशन पढ़ने गए थे।
वापस आते समय उसने बच्चों से पूछा कि आपके मम्मी-पापा कहां है तो उन्होंने बताया कि दोनों बिना बताए चले गए हैं। मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। पता नहीं कहां चले गए हैं।
भाई बोला-घर में मिला पत्र पुलिस चौकी में देकर आया हूं
नरेश सेठी ने बताया कि जब घर की जांच की तो एक पत्र मिला। उसमें लिखा हुआ है कि उनके ऊपर साढ़े चार लाख का कर्ज है। लेनदार परेशान कर रहे हैं इसलिए वे मरने जा रहे हैं। जब मार्केट में पता किया तो और भी लोग सामने आ रहे हैं। करीब 10 लाख से ज्यादा कर्ज बताया जा रहा है। अभी तक उनके भाई-भाभी का पता नहीं चला है। मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है।
दंपती के लापता होने की शिकायत मिली है। उसी के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। कर्ज से परेशान होने का पत्र छोड़कर जाने की बात सामने आई है। इस दृष्टिकोण से जांच-पड़ताल कर रहे हैं। -एसआई सुशील कुमार, थाना प्रभारी, पुरानी सब्जी मंडी।