शादी के बाद ससुराल जा रही गांव की युवती के अपहरण केस के आरोपियों की जमानत रद्द करने की याचिका पर बुधवार को सुनवाई होगी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद आरोपी परिवार पर समझौता का दबाव बना रहे हैं। युवती के पिता से भी घर में घुसकर मारपीट की गई।
पीड़ित पक्ष के वकील सुशील पांचाल ने बताया कि पांच दिन पहले मोखरा के एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसकी बेटी की शादी अगस्त 2020 में भिवानी जिले में हुई थी। शादी के बाद विदा होकर जब बेटी अपने पति के साथ ससुराल जा रही थी तो रास्ते में गांव के युवक मोहित ने अपने साथियों के साथ मिलकर दूल्हे की कार का रास्ता रोक लिया। साथ ही उसकी बेटी को अपहरण करके ले गया। कलानौर में आरोपी के खिलाफ अपहरण, 6 व 8 पॉक्सो एक्ट व एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था। पुलिस ने आरोपी मोहित व अन्य को गिरफ्तार कर लिया था। अब आरोपी जमानत पर जेल से बाहर आया हुआ है। फिलहाल केस अदालत में चल रहा है, जिसमें उसके बेटे की गवाही हो चुकी है। जबकि उसकी बेटी की गवाही होनी बाकी है। अदालत में आरोपियों की जमानत रद्द करने के लिए याचिका दायर की थी, जिस पर बुधवार को बहस हाेगी।