माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। शहर में सरेआम मृत गोवंश खुले में फेंके जा रहे हैं क्योंकि सात माह पहले नगर निगम का मृत पशु उठाने का ठेका खत्म हो चुका है। सोमवार को गोसेवक एसपी व निगम आयुक्त से मिलकर मृत गोवंशों को जमीन में दबाने की मांग करेंगे।
नगर निगम के आंकड़ों के मुताबिक, शहर में 650 ज्यादा डेयरियां हैं, इनमें 80 प्रतिशत में भैंस तो 20 प्रतिशत में गायों को रखा जाता है। कन्हेली रोड व गांधी कैंप में गायों की डेयरियां भी हैं। तीन दिन पहले वार्ड नंबर 20 के पार्षद प्रवीण कौशिक के साथ गोसेवक महामंडलेश्वर अनभूतानंद स्वामी के साथ कन्हेली रोड पर पहुंचे।
वहां सड़क किनारे व खाली प्लाॅटों में जगह-जगह मृत गोवंशों की हड्डियां पड़ी थीं। एक गाय तो सड़क पर तड़प रही थी जबकि दूसरी प्लाॅट में तीन दिन से पड़ी थी। गोसेवकों ने गाय को गहरे प्लाॅट से बाहर निकलवाया। साथ ही, हेल्पलाइन नंबर 112 पर पुलिस को कॉल की। पुलिस मौके पर पहुंची।
इसके बाद डेयरी संचालकों की शिवाजी कॉलोनी थाने में बैठक बुलाई। साफ हिदायत दी गई कि मृत गोवंश को यूं न फेंका जाए। डेयरी संचालकों ने कहा कि निगम की तरफ से मृत पशुओं को उठाकर भिवानी रोड स्थित हडवारे तक ले जाने का ठेका सात माह पहले खत्म हो चुका है। अगर वे अपने स्तर पर मृत पशुओं को लेकर जाते हैं तो गोसेवक विरोध करते हैं।
नगर निगम जमीन उपलब्ध कराए
शहर में गायों की हालत खराब है। सरेआम मृत गोवंशों को खुले में फेंका जा रहा है। जगह-जगह पड़ी हड्डियां इसका सबूत हैं। गोसेवकों की मांग है कि मृत गोवंशों को सम्मान के साथ मिट्टी में दबाया जाए। इसके लिए नगर निगम जमीन उपलब्ध कराए। वह सोमवार को एसपी नरेंद्र बिजारणिया व निगम आयुक्त डाॅ. आनंद शर्मा से मिलेंगे।
- महामंडलेश्वर अनभूतानंद स्वामी
-
दूध निकालकर सड़कों पर छोड़ देते हैं पशु
शहर में गोवंश सड़क पर घूम रहे हैं। कन्हेली रोड पर डेयरियों में सही ढंग से देखभाल नहीं की जाती। दूध निकालकर मरने के लिए पशुओं को सड़कों पर छोड़ दिया जाता है। नगर निगम व पुलिस प्रशासन सख्त कदम उठाए। दोनों विभाग मौके पर आकर हकीकत देख चुके हैं।
- प्रवीण कौशिक, पार्षद वार्ड नंबर 20
........
पुलिस देगी सुरक्षा, सम्मान के साथ मिट्टी में दबाएं
कन्हेली रोड के डेयरी संचालकों की बैठक ली है। उन्होंने कहा कि निगम का मृत पशु उठाने का टेंडर खत्म हो चुका है। संचालकों से कहा कि अगर कोई पशु मरता है तो उसे खुले में न फेंकें। सूचना मिलने पर पुलिस साथ चलकर पशु को मिट्टी में दबवाएगी।
- निरीक्षक राकेश सैनी, प्रभारी थाना शिवाजी कॉलोनी
...
कन्हेली रोड पर मृत पशुओं की हड्डियां मिलने का मामला संज्ञान में आया है। मृत पशुओं को उठाने का टेंडर लगा दिया गया है जो सात दिन में खुल जाएगा। इसके बाद समस्या नहीं रहेगी।
- डाॅ. आनंद शर्मा, आयुक्त नगर निगम
कन्हेली रोड के नजदीक गली में बेहोशी की हालत में पड़ी गाय को उठाने का प्रयास करता गो सेवक। स्रोत- फोटो : आर्काइव