रोहतक। पहरावर हेड के पास जेएलएन नहर में डूबे कमला नगर के 21 वर्षीय देव वर्मा का शव बालंद गांव के पास मिला है। एनडीआरएफ टीम की मदद से पुलिस ने शव को बाहर निकाला। दोपहर बाद पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। जवान बेटे की मौत से परिवार में मातम का माहौल है।
कमला नगर निवासी राजेश वर्मा ने दो दिन पहले शिवाजी कॉलोनी थाने में शिकायत दी थी कि उसके दो बेटे व एक बेटी हैं। बड़ा बेटा 21 वर्षीय देव बीएससी नर्सिंग का छात्र था। खुद राजेश बीमार होने के कारण दो साल से घर पर ही रहता है। शुक्रवार शाम को देव ने कहा कि वह जिम में जा रहा है। इसी बीच दोस्त के साथ नहाने के लिए जेएलएन नहर में पहरावर हेड पर चला गया। वहां पर नहाते समय पानी गहरा और बहाव तेज होने के कारण डूब गया। तीसरे दिन उसका शव बालंद के पास मिला है।