बहादुरगढ़। रोहद गांव से गुजर रही एनसीआर माइनर में युवक का शव मिला है। शव करीब 8-10 दिन पुराना है। प्रारंभिक तौर पर चोट के निशान नजर नहीं आ रहे। डूबकर मौत होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल में रखवाकर पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। घटना बुधवार शाम की है। दरअसल, रोहद के पास से गुजर रही एनसीआर में अटके शव पर किसी की नजर गई तो इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर आसौदा थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष आंकी जा रही है। जांच अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि माइनर में एक शव मिला है। यह करीब सप्ताहभर पुराना प्रतीत होता है।