संवाद न्यूज एजेंसी
कोसली। कस्बे में गांव गुडियानी पंप हाउस के पास स्थित नहर से 12वीं कक्षा के छात्र रोहित का शव बरामद किया गया। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गुड़ियानी पंप हाउस की तरफ से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने स्कूल ड्रेस पहने किशोर का शव नहर में उतराता देखा। जानकारी होने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। इसके बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस के मुताबिक शव काफी पुराना होने कारण उसमें से बदबू उठ रही थी। कोसली निवासी रोहित (17) आरपीएस स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र था। रोजाना की तरह 23 अक्तूबर को नवमी पर माता की कड़ाही चढ़ाने के बाद घर से स्कूल जाने के लिए निकला था, लेकिन उस दिन वह स्कूल नहीं पहुंचा। घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने पहले स्कूल में जानकारी जुटाई, लेकिन जब पता चला कि रोहित स्कूल ही नहीं आया तो परिजनों ने रिश्तेदारी सहित अन्य जगह पर तलाश की। सुराग नहीं लगने पर परिजनों ने पुलिस को शिकायत देकर गुमशुदगी का मामला भी दर्ज कराया था। शुक्रवार को कोसली के ही गुडियानी पंप हाउस के पास नहर में स्कूल ड्रेस पहने एक बच्चे का शव पानी में तैरता हुआ दिखा। आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद कोसली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कोसली स्थित शवगृह में रखवा दिया है। बताया जा रहा है कि रोहित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें है। हालांकि अभी ये साफ नहीं हो पाया कि रोहित की मौत कैसे हुई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।