रोहतक। शहर के सुखपुरा चौक इलाके में पुलिस को एक युवक का शव फंदे पर लटका मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार को किसी ने एक युवक का शव फंदे पर लटका होने की सूचना दी। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। पुलिस के मुताबिक, एक युवक सुखपुरा चौक स्थित एक प्लॉट पर बने कमरे में किराये पर रहता था। इसका शव चुन्नी के फंदे से कमरे में लटका मिला। मजदूरी करने वाले इस युवक की पहचान मूलरूप से गोहाना निवासी 23 वर्षीय अंकित के रूप में हुई है। बुधवार सुबह देर तक उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला। पड़ोस के लोगों ने अनहोनी का अंदेशा होने के चलते वहां जाकर कमरे में झांका तो शव फंदे पर लटका नजर आया। शव के पास या कमरे में उसकी आत्महत्या की वजह स्पष्ट करने वाली कोई चीज या दस्तावेज सामने नहीं आया है।
सुखपुरा चौकी प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि युवक के शव की सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंची। शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। परिजनों की मौजूदगी में शव फंदे से उतारा गया। फिलहाल युवक के पास से आत्महत्या संबंधी कोई साक्ष्य नहीं मिला है।