रेवाड़ी। डीसी अभिषेक मीणा ने सोमवार को लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में जन शिकायतें सुनीं। डीसी ने समाधान शिविर में दूषित पानी की निकासी, अवैध कब्जा, पेयजल, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र, परिवार पहचान पत्र सहित अन्य शिकायतों की सुनवाई करते हुए समाधान करवाया।
डीसी ने कहा कि जनहित नायब सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ऐसे में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा शिकायतों की नियमित समीक्षा भी की जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाधान शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत के शीघ्र निस्तारण में ढिलाई किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। सही तरीके से दर्ज और निस्तारित शिकायतें न केवल पारदर्शिता को बढ़ावा देंगी, बल्कि बार-बार एक ही शिकायत के खुलने की समस्या भी कम होगी।
इस अवसर पर एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा, एडीसी राहुल मोदी, एसडीएम रेवाड़ी सुरेश कुमार, सीटीएम जितेंद्र कुमार, डीआरओ प्रदीप देशवाल सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।