संवाद न्यूज एजेंसी सांपला (रोहतक)। पिछले दिनों हुई बारिश और ओलावृष्टि से रोहतक जिले में 10 हजार एकड़ गेहूं और पांच हजार एकड़ सरसों की फसलें प्रभावित हुई हैं। कृषि विभाग ने इसकी रिपोर्ट बनाकर जिला उपायुक्त और पंचकूला मुख्यालय को भेज दी है। सोमवार को जिले में 137 मिमी बारिश हुई। सबसे अधिक 40 मिमी बारिश सांपला ब्लॉक में हुई है। मंगलवार को मौसम खुलने के बाद किसान खेतों में भरा पानी निकालने में जुटे रहे।
सोमवार को भी देर रात तक जिले भर में बारिश का दौर चलता रहा। कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार मध्यरात्रि तक जिले में कुल 137 मिमी बारिश हुई। चुलियाना, खरावड़, इस्माइला आदि कई गांवों में काफी तेज बारिश हुई। तीन से चार दिन तक बारिश और ओलों से किसानों को सरसों और गेहूं की फसल को भारी नुकसान हुआ है। कृषि विभाग ने इसकी रिपोर्ट तैयार की है। कृषि विभाग के उपनिदेशक महावीर सिंह ने बताया कि बारिश से हुए नुकसान की जो आई रिपोर्ट के मुताबिक करीब 10 हजार एकड़ गेहूं और 56 सौ एकड़ सरसों की फसल में नुकसान की संभावना है। इसकी रिपोर्ट विभाग को भेज दी गई है।
खेतों से पानी निकलने में जुटे रहे किसान
सोमवार को जबर्दस्त बारिश हुई। मंगलवार को मौसम खुलते ही किसान खेतों की ओर दौड़े। जब किसान खेतों में पहुंचे तो अधिकतर गेहूं की फसल बिछी हुई मिली। गिरी फसल को देखकर किसानों के चेहरे मायूस हो गए। उन्होंने खेतों में भरा पानी निकालना शुरू किया। जिले में सरसों की 13 हजार हेक्टेयर सरसों और करीब 10 हजार हेक्टेयर में गेहूं की फसल पकने को तैयार थी।
इन किसानों को हुआ नुकसान
खरावड़ निवासी बिजेंदर मलिक, चुलियाणा के हरेंद्र कुमार, इस्माइला से लीला, गिझी से सुरेंद्र कुमार, समचाना गांव से महावीर नंबरदार आदि किसानों का कहना है कि बारिश और ओलों से उनकी गेहूं और सरसों की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। सरसों की फसल तैयार हो चुुकी थी। जबकि गेहूं की फसल भी लगभग तैयार हालत में है। उन्होंने सरकार से तुरंत गिरदावरी कर मुआवजा देने की भी मांग की है। हालांकि मंगलवार को मौसम साफ रहा।
किस ब्लॉक में कितनी बारिश सांपला 40 मिमी
कलानौर 22 मिमी
लाखन माजरा 36 मिमी
रोहतक 37 मिमी महम - 12 मिमी
नोट- (सोमवार मध्यरात्रि तक )