एमडीयू में बोल हरियाणा की ओर से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने हरियाणवी संस्कृति का जलवा बिखेरा तो रागिनी गायकों ने अपने गीतों से युवाओं और मौजूद लोगों में देशभक्ति की अलख जगाई। पंडित लख्मी चंद पुरस्कार से सम्मानित कलाकार महावीर गुड्डू ने राजा नाहर सिंह की वीरगाथा सुनाते हुए युवाओं में देश भक्ति का जोश भरा। उनके गीत हरियाणा के वीरा ने दिल्ली की शान बचाई थी... पर युवाओं ने जमकर तालियां बजाई।
कार्यक्रम में सांघी के गवर्नमेंट सीनियर सेकें डरी स्कूल की छात्राओं ने बता मेरे यार सुदामा रे... भई घने दिना में आया रे गीत सुनाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। गुलाब सिंह खांडवाल ने रागिनी सुनाकर दर्शकों का दिल जीत लिया। सोनीपत की अमृता और गजेंद्र फौगाट ने अपने गीतों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कई हिंदी फिल्मों में गीतों की रचना कर चुके गीतकार प्रेम देहाती ने रागिनी में सवैया सुनाकर दर्शकों का ध्यान खींचा। आस्था वर्मा, सुरेंद्र तंवर, विद्या तंवर ने भी हरियाणवी लोक संस्कृति के गीत सुनाए। अनिल बांगड़ी द्वारा निर्देशित नृत्य ने भी दर्शकों की वाहवाही लूटी। रामकेश ने पहले वाली हवा रही न पहले वाला पानी... गीत सुनाकर दर्शकों के दिल में जगह बनाई। इस दौरान मुख्यातिथि शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा और सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने साहित्यकार पंडित जगन्नाथ, रघुविंदर मलिक, धर्मपाल मलिक, रामपाल चहल, कृष्णा चौधरी, डॉ. जसफूल सिंह समेत कलाकारों को पुरस्कृृत किया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. आनंद शर्मा, युवा कल्याण विभाग के निदेशक डॉ. जगबीर राठी, वीरेंद्र चौहान, कपिल सहगल और अन्य दर्शक भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की बागडोर संभाले भूमिका शर्मा ने सफल संचालन किया।
छात्राओं को शिक्षा मंत्री ने दिए नकद पुरस्कार
कार्यक्रम में अपने वक्तव्य के बाद शिक्षामंत्री ने बता मेरे यार सुदामा रे... भई घने दिना में आया रे गीत सुनाने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया। शिक्षामंत्री ने सांघी के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल की कक्षा नौ की छात्रा विधि और कक्षा दस की छात्राओं मुस्कान, ईशा, रिंकू और मनीषा को मंच पर नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। स्कूल के अध्यापक सोमेश जांगड़ा ने बताया कि उन्होंने इस गीत के लिए छात्राओं से कई बार अभ्यास करवाया था। अब शिक्षा मंत्री से इनाम मिलने के बाद उनकी और छात्राओं का मनोबल बढ़ा है।
खिलाड़ी का गुम हुआ मोबाइल
कार्यक्रम के दौरान दर्शकों के बीच मौजूद एक कबड्डी खिलाड़ी का मोबाइल गुम हो गया। बालिका ने संचालक को बताया लेकिन बालिका का मोबाइल नहीं मिला।
शिक्षामंत्री के वक्तव्य के दौरान सभागार के बाहर शोरशराबा
जब शिक्षा मंत्री बोल रहे थे उसी समय सभागार के बाहर कुछ युवाओं का शोरशराबा सुनाई दिया। युवकों ने बताया कि कार्यक्रम में एक गायक ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से दूसरे कलाकार को चाइनीज बंदर कहकर संबोधित किया है। यह गीतों को रैप करने वाले कलाकार का अपमान है। इसलिए कार्यक्रम में रैपर ने अपनी प्रस्तुति नहीं दी और चले गए। हालांकि, जाते समय रैपर ने बताया कि वह प्रस्तुति देने नहीं, बल्कि कार्यक्रम देखने आए थे। रैपर के समर्थकों ने शोरशराबा किया और पुलिस की मौजूदगी के कारण भाग गए।
देश बदल रहा है, चाय बेचने वाला पीएम तो सब्जी बेचने वाला बन रहा सीएम : शिक्षामंत्री
शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि शिक्षा के ग्लोबलाइजेशन से उसका बाजारीकरण हो गया है। वर्तमान शिक्षा प्रणाली में अध्यापकों और विद्यार्थियों को आत्मविश्वास की जरूरत है। देश की संस्कृति अजर-अमर है। हमारा देश भावुकता का है। यहां किसी भी लड़ाई में आत्मविश्वास से ही विजय पाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि देश बदल रहा है। अब चाय बेचने वाला प्रधानमंत्री बन रहा है और सब्जी बेचने वाला मुख्यमंत्री बन रहा है। उन्होंने अध्यापकों और विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि प्रकाश कहीं से भी मिले, उसे ग्रहण करना चाहिए।
शिक्षामंत्री रविवार को एमडीयू के राधाकृष्णन सभागार में नए साल की पहली संध्या पर बोल हरियाणा उत्सव कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। इस दौरान बोल हरियाणा रेडियो का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि शिक्षा, खेल और कला के क्षेत्र में युवा पूरी दुनिया में प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। प्रदेश विकास की ओर अग्रसर है। इस दौरान दोनों मंत्रियों ने बोल हरियाणा की टीम जोगेंद्र बड़क, मनु पाराशर और पवन टोकस को हरियाणा के गीत, रागिनियों और संस्कृति को दुनिया में प्रसिद्ध करने के लिए ऑनलाइन रेडियो बोल हरियाणा जैसा प्लेटफार्म उपलब्ध करवाने के लिए बधाई दी। इस दौरान कुलपति बीके पूनिया ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख किया। कार्यक्रम संयोजक आनंद शर्मा ने बताया कि शिक्षा और सहकारिता मंत्री ने सरगम थियेटरीकल ग्रुप को पांच-पांच लाख रुपये देने की घोषणा की है।