हरियाणा के नारनौल में ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीकरण न होने से परेशान लोगों ने शुक्रवार शाम रेलवे रोड स्थित पुलिस परेड ग्राउंड के पास जाम लगा दिया।
लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। देर शाम तक लगे जाम के कारण लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर पुलिस उप निरीक्षक इंद्राज सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने अगले शुक्रवार को उनके लाइसेंस और वाहनों का पंजीकरण करवाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
ड्राइविंग लाइसेंस और पंजीकरण के लिए आए सोनू, विकास, मोनू, रमेश, रामकिशन, भोलू, जोगिंद्र जयसिंह, मनीष, प्रदीप ने बताया कि लाइट लाइसेंस एवं वाहन पंजीकरण के लिए प्रशासन ने शुक्रवार का दिन निर्धारित किया हुआ है।
लाइसेंस व वाहन पंजीकरण के लिए फाइल पर सर्व प्रथम पुलिस निरीक्षक के हस्ताक्षर होते हैं। निरीक्षर के हस्ताक्षर के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने बताया कि फाइल पर हस्ताक्षर करवाने के लिए वे सुबह से ही पुलिस लाइन में बैठे हुए थे लेकिन शाम चार बजे तक निरीक्षक का कोई अता-पता नहीं चला।
पिछले शुक्रवार को भी पूरे दिन निरीक्षक अपने कार्यालय से गायब थे। पुलिस निरीक्षक की लापरवाही के कारण उन्हें रोड जाम करना पड़ा।