महम हलका के निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू
- फोटो : सोशल मीडिया
हरियाणा के रोहतक जिले से महम हलका के निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू को वीडियो कॉल कर एक महिला ने मैसेज भेजकर ब्लैकमेल करने का प्रयास किया है। साथ ही मैसेज में कैबिनेट मंत्री, एक भाजपा व एक कांग्रेस विधायक का भी जिक्र किया है। डीजीपी के नाम दी शिकायत पर रोहतक के साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज किया गया है। एसपी उदय सिंह मीना का कहना है कि साइबर एक्सपर्ट मामले की जांच कर रहे हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
डीजीपी के नाम दी शिकायत में विधायक महम बलराज कुंडू ने कहा है कि व्हाट्सएप पर कई वीडियो कॉल रिसीव हुई हैं। मंगलवार को शाम आठ बजकर छह मिनट व नौ बजकर 37 मिनट पर उसी नंबर से दोबारा कॉल आई। कॉल करने वाली महिला ने उन्हें ब्लैकमेल करने के लिए मैसेज भेजे। साथ ही प्रदेश के एक कैबिनेट मंत्री, एक कांग्रेस व एक भाजपा विधायक के नाम का जिक्र किया है। उन्होंने मामले की गहनता के साथ जांच करने को कहा है।
महम के विधायक बलराज कुंडू ने शिकायत दर्ज कराई है कि अज्ञात मोबाइल नंबर से उसके पास वीडियो कॉल आई है। केस दर्ज किया गया है। संबंधित नंबर की डिटेल निकाली जा रही है। जल्द पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
-उदय सिंह मीना, एसपी रोहतक
मैंने जनहित में शिकायत दी है ताकि ऐसा मामला किसी के साथ न हो। ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। ये आए दिन लोगों को ब्लैकमेल करते हैं।
-बलराज कुंडू, विधायक, महम