पंजाब से भागे खालिस्तान समर्थक अमृतपाल के सोनीपत से गुजरने की सूचना पर पुलिस हाई अलर्ट हो गई। पहले पुलिस को सूचना मिली थी कि वह हरियाणा में घुसा हुआ है। बाद में पता लगा कि फारच्यूनर गाड़ी सवार अमृतपाल हाईवे से गुजरेगा। बताया गया था कि उसकी गाड़ी का नंबर 7700 है। जिस पर पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी।
इसी बीच बताए गए नंबर की फारच्यूनर गाड़ी भिगान टोल पर पहुंची तो उसे रोक लिया गया। हालांकि उसमें सवार युवक अंबाला व शाहाबाद के मिले। जिसके बाद उन्हें जाने दिया। उसके बाद भी पुलिस देर रात तक चेकिंग में लगी रही।
पंजाब से भागे खालिस्तान समर्थक अमृतपाल का सुराग नहीं लगने के चलते पहले ही अलर्ट जारी किया जा चुका है। इसी बीच बुधवार को सोनीपत पुलिस को जानकारी मिली कि अमृतपाल हरियाणा में है और वह फारच्यूनर गाड़ी में सवार है। उस गाड़ी का अधूरा नंबर 7700 बताया गया है।
आगे के नंबर के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। पुलिस ने जिले में अलर्ट कर उस नंबर की गाड़ी की तलाश शुरू कर दी। सोनीपत पुलिस को सूचना मिली कि एक फारच्यूनर गाड़ी दिल्ली से पानीपत की तरफ जा रही है। जिसमें अमृतपाल हो सकता है। इस पर पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी बढ़ा दी। पुलिस ने मुरथल से आगे भिगान टोल पर फारच्यूनर गाड़ी को पकड़ लिया। जिस पर वही नंबर अंकित था, जिसमें अमृतपाल के होने की सूचना थी। पुलिस ने उस गाड़ी को रोककर जांच करने के साथ उसमें सवार लोगों से पूरी जानकारी जुटाई।
एसीपी विपिन कादियान, मुरथल थाना प्रभारी जसपाल व बड़ी थाना प्रभारी संदीप कुमार ने गहनता से जांच व पूछताछ की। पता लगा कि हरियाणा नंबर की यह गाड़ी अंबाला के मस्तनाथ की है। वह शाहबाद क्षेत्र निवासी अपने रिश्तेदार सतबीर को दिल्ली एयरपोर्ट पर छोड़कर आ रहे हैं। उनके रिश्तेदार न्यूजीलैंड रवाना हुए हैं। पुलिस ने आधा घंटा बाद कार को जाने दिया।
पूरे जिले में अलर्ट, सभी अधिकारी व थाना प्रभारी जांच में जुटे
पुलिस ने अलर्ट जारी कर दिया है। जिलेभर में अमृतपाल की तलाश को लेकर जांच अभियान देर रात तक जारी रहा। सभी काली फिल्म वाली गाड़ियों को रोका गया। खासकर फॉरच्यूनर गाड़ियों की तलाशी गहनता से ली गई।
भिगान टोल प्लाजा पर पकड़े जा चुके है जैश-ए-मोहम्मद के 3 हैंडलर
सोनीपत पुलिस ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के 3 हैंडलर को भिगान के ही टोल प्लाजा से 30 जनवरी को गिरफ्तार किया था, जिसमें दंपती व एक अन्य शामिल थे। तीनों फर्जी पासपोर्ट बनवा कर विदेश भागने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट जा रहे थे। तीनों आतंकी पंजाब के रहने वाले थे और पाकिस्तान में आतंकी आकाओं के संपर्क में थे। ऐसे में पुलिस ने भिगान टोल प्लाजा के नाकाबंदी कर दी थी।
पंजाब के खालिस्तान समर्थक अमृतपाल के हरियाणा में होने के इनपुट मिले थे। अमृतपाल की तलाश में पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। सभी अधिकारी नाकाबंदी कर जांच कर रहे हैं।
-विपिन कादियान, एसीपी सोनीपत