हरियाणा के रोहतक शहर के शीतल नगर में गुरुवार सुबह पति की लंबी आयु के लिए हाथों में मेहंदी लगाकर व्रत रखने वाली मोनिका ने दोपहर सल्फास की गोलियां निगल ली, जिससे उसकी मौत हो गई। पति का आरोप है कि सोनीपत निवासी प्रदीप 13 लाख रुपये वापस नहीं लौट रहा था, जो रिश्ते में भांजा लगता है। इसी कारण उसकी पत्नी ने यह कदम उठाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक शीतल नगर निवासी जितेंद्र ने दी शिकायत में बताया कि वह डीटीसी में नौकरी करता है। 19 साल पहले उसकी शादी निंदाना गांव निवासी मोनिका (36) के साथ हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। सोनीपत निवासी प्रदीप ने उसकी पत्नी व उससे 13-14 लाख रुपये उधार ले रखे थे। साथ ही एक ट्रैक्टर व एक कार भी अपने नाम निकलवाकर 2016 में प्रदीप को दे दी थी।
यह भी पढ़ें : Haryana: नौ जिलों में पंचायत चुनाव के लिए आज बजेगा बिगुल, चार जिलों में तीसरे चरण में चुनाव
प्रदीप अब पैसे नहीं लौटा रहा था। न ही कार व ट्रैक्टर की किस्त जमा करवा रहा था। इस वजह से उसकी पत्नी परेशान रहती थी। गुरुवार सुबह पांच बजे वह ड्यूटी पर दिल्ली चला गया। मेरे जाने के बाद प्रदीप घर पर आया। पत्नी ने जब पैसे वापस मांगे तो उसने देने से इनकार कर दिया। इस कारण उसकी पत्नी मोनिका ने सल्फास की गोलियां खाकर आत्महत्या कर ली।
शीतल नगर निवासी एक महिला की सल्फास की गोलियां खाने से गुरुवार को मौत हो गई। उसके पति का आरोप है कि सोनीपत निवासी प्रदीप ने लाखों रुपये उधार ले रखे थे, जो रिश्तेदारी में उसका भांजा लगता है। इसी परेशानी के चलते उसकी पत्नी ने आत्महत्या की है। पुलिस ने आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज कर लिया है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- एसआई बजे सिंह, जांच अधिकारी थाना शिवाजी कॉलोनी